सहारनपुर के नानौता कस्बे में हाईवे पर स्थित पेट्रोल पंप पर दिनदहाडे बाइक सवार नकाबपोश तीन बदमाशों ने तमंचों की बट मारकर दो सेल्समैन से 40 हजार रुपये लूट लिए। आसपास के दुकानदारों ने जब बदमाशों का पीछा किया गया तो बदमाश फायर करते हुए रामपुर की ओर भाग गए।
इससे क्षेत्र में दहशत का माहौल व्याप्त हो गया। गंभीर रूप से घायल एक सेल्समैन को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। सोमवार को समय करीब तीन बजे दिल्ली-यमुनोत्री हाईवे पर स्थित अमरनाथ सुरेश कुमार पेट्रोल पंप पर सेल्समैन प्रवीण कुमार और राजपाल ग्राहकों को तेल दे रहे थे।
इसी बीच नानौता की ओर से एक पल्सर बाइक पर तीन नकाबपोश बदमाश तमंचे लेकर पहुंचे। एक बदमाश ने प्रवीण के सिर पर पीछे से तमंचे की बट मारकर 20 हजार रुपये लूट लिए।
जबकि दूसरा बदमाश खोखे के पास खडे़ सेल्समैन राजपाल के पास गया और तमंचे की बट मारकर उससे करीब 20 हजार की नगदी लूट ली। अचानक हुए हमले से पंप पर अफरा तफरी मच गई। इस दौरान सेल्समैन राजपाल और प्रवीण ने शोर मचा दिया।
शोर सुनकर जब तक आसपास के दुकानदार वहा तक पहुंचे तब तक बदमाश रामपुर मनिहारान की ओर फरार हो गए। विनोद मिस्त्री ने बदमाशों का पीछा करते हुए औजार फेंक कर मारा तो एक बदमाश ने फायर कर दिया।
पंप संचालक अमरनाथ पुत्र बरकत राम ने बताया कि वारदात को अंजाम देने वाले तीनों नकाबपोश बदमाशों की उम्र 25 से 30 वर्ष की करीब रही होगी। लूट के बाद मौके पर पहुंची थाना पुलिस और सीओ गंगोह बीपी सोलंकी ने वारदात की जानकारी ली।
लूट की जानकारी होते ही व्यापारियों और क्षेत्रवासियों में रोष व्याप्त हो गया। व्यापार मंडल अध्यक्ष सतीश चावला, व्यापार मंडल जिला संयोजक राजीव नामदेव, कुलदीप नामदेव, सपा जिला सचिव मुकेश शर्मा, पूर्व ब्लॉक प्रमुख कृष्णकुमार पुंडीर, बसपा जिला प्रभारी जगपाल सिंह, बसपा नेता
नरेंद्र ओलरी, अशोक तागरा, पूर्व चेयरमैन प्रदीप राणा, भाजपा नेता मोहर सिंह पुंडीर सहित ने चेतावनी देते हुए वारदात के जल्द खुलासे की मांग की है।
पंप स्वामी अमरनाथ ने बदमाशों के विरुद्ध थाने पर तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।बदमाशों की मारपीट से गंभीर रूप से घायल सेल्समैन राजपाल की हालत बिगड़ने पर जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
बता दें कि 2007 में अमरनाथ के भाई नवीन से 30 हजार रुपये और सोने की चेन लूट ली गई थी, जिसका आज तक खुलासा नहीं हुआ है।