सहारनपुर के देवबंद में मजनूवाला रोड पर एक प्लॉट से लोहे की स्क्रेप चोरी कर भागने का प्रयास कर रहा चोर दरवाजे में लगी लोहे की नुकीली रॉड हाथ में आरपार हो जाने के चलते गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने रॉड को हाथ से निकालते हुए नाजुक हालत के चलते उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।मोहल्ला किला निवासी माजिद रविवार की देर रात सहारनपुर-मुजफ्फरनगर मार्ग स्थित भारतीय स्टेट बैंक के पास प्लॉट में लोहे की स्क्रैप चोरी कर रहा था।
उसने कुछ सामान उठाकर बाहर भी डाल रखा था। इस बीच उसे किसी के आने की आहट सुनाई दी तो वह जल्दबाजी में वहां से भागने लगा। इस दौरान जब वह प्लॉट की चारदीवारी में लगे लोहे के दरवाजे के ऊपर से कूदने लगा तो दरवाजे में लगी रॉड उसकी हथेली में आरपार हो गई।
जिसके चलते वह चीखने चिल्लाने लगा। शोर की आवाज सुनकर पड़ोस के लोग वहां पहुंचे। जिन्होंने पुलिस को इसकी सूचना दी। कुछ देर बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक के हाथ से रॉड निकालने की कोशिश की लेकिन वह कामयाब नहीं हुए।
बाद में पुलिस ने सरकारी अस्पताल की टीम को मौके पर बुलाया। जिसके बाद पुलिस और सीएचसी की टीम ने मिलकर लोहे के दरवाजे के एक हिस्से को खोल लिया और उसी हालत में उसे सीएचसी में भर्ती कराया।
जहां चिकित्सकों ने सुरक्षा पूर्वक रॉड को बाहर निकाला और प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस का कहना है कि प्लॉट मालिक ने तहरीर नहीं दी है। अगर वह तहरीर देता है तो युवक के खिलाफ कार्रवाई का जाएगी।