लखनौती के दौलतपुर में चोरी के बाद मौके पर पहुंची पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
सहारनपुर के लखनौती में चोरों ने दो घरों पर धावा बोलकर 44 हजार की नगदी समेत दो लाख रुपये के सोने चांदी के जेवर चोरी कर लिए। जाग होने पर ग्रामीणों ने चोरों को घेरने का प्रयास भी किया, लेकिन अंधेरे का फायदा उठाकर वे फरार होने में सफल रहे।
बावरिया गिरोह पर शक होने के कारण पड़ोसी गांव के खानाबदोश डेरे से ग्रामीणों ने तीन युवकों को उठा कर पुलिस को सौंप दिया। गंगोह कोतवाली के गांव दौलतपुर में चोरों ने शुक्रवार तड़के करीब तीन बजे गांव के किनारे बने चौधरी गय्यूर के घर को पहले निशाना बनाया।
परिवार के सदस्यों के छत पर सोने का लाभ उठाकर चोरों ने घर की दीवार फांदकर अंदर अलमारियों और बक्सों को खंगाला। यहां से चोर घर में रखे 41 हजार रुपये चोरी कर ले गये। उसके बाद चोर गांव से बाहर बने नवाब गुर्जर के घर की दीवार कूदकर उसके मकान में घुस गये।
उसके परिवार के सदस्य भी मकान की छत और घर के बाहर बने घेर में सो रहे थे। उसके घर की आलमारी के ताले तोड़कर उसमें रखी तीन हजार रुपये की नगदी सहित शादी के लिए रखे पांच तौला सोने के जेवर चोरी कर ले गए।
जाते जाते घर में रखे कीमती कपड़ों की पेटी भी चोर अपने साथ ले गये। इसी दौरान जाग हो गई तो ग्रामीणों ने उनका पीछा किया। इस पर चोर कपड़ों से भरी पेटी जंगल में छोड़कर फरार हो गए।
अंधेरा होने के कारण वे हत्थे नहीं चढ़ सके। ग्रामीणों द्वारा चोरी की सूचना कोतवाली पुलिस को दी गई। पुलिस ने गांव पहुंच कर घटना की जानकारी ली।
ग्रामीणों को बावरिया गिरोह पर शक होने के चलते पड़ोसी गांव नागल में घुमंतु डेरे से तीन युवकों को उठा कर पुलिस को सौंपा गया है। गंगोह कोतवाली प्रभारी का कहना कि मामले की जांच की जा रही है।