सहारनपुर में रामपुर मनिहारान क्षेत्र के गांव मनानी मोड़ के पास से शिव कुमार नाम के व्यक्ति से ट्रैक्टर ट्रॉली लूटने वाले चार बदमाशों को क्राइम ब्रांच की स्वाट टीम और रामपुर मनिहारान पुलिस ने दबोच लिया।
चारों बदमाशों की यह पहली वारदात है। एसएसपी ने पुलिस टीम को पांच हजार रुपये का ईनाम दिया है। एसएसपी आरपीएस यादव ने ने पत्रकार वार्ता में इस घटना का खुलासा किया।
बताया कि 28 मार्च की रात रामपुर मनिहारान के गांव पिलखनी निवासी शिव कुमार पुत्र बुद्घ सिंह ट्रैक्टर ट्रॉली लेकर लौट रहा था। जैसे ही वह गांव मनानी के पास पहुंचा तो बाइक सवार दो बदमाशों ने उस पर तमंचा तान दिया था।
दो बदमाश और आ गए थे। इसके बाद एक बदमाश ट्रैक्टर ट्रॉली लेकर भाग निकला था, जबकि तीन अन्य ने शिव कुमार को वहीं गिराए रखा। काफी देर बाद वह भी शिव कुमार को छोड़कर फरार हो गए थे।
इसके बाद पीड़ित ने थाना रामपुर मनिहारान में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। एसपी सिटी महेंद्र सिंह यादव के निर्देशन में सीओ नकुड़ को बदमाशों की धरपकड़ के निर्देश दिए थे। सीओ के नेतृत्व में क्राइम ब्रांच की स्वाट टीम और रामपुर मनिहारान पुलिस की टीम लुटेरों की तलाश में लगी हुई थी।
छह अप्रैल को टीम ने नया गांव में छापेमारी करते हुए चारों लुटेरों को दबोच लिया। उनके पास से लूटी गई ट्रैक्टर ट्रॉली, एक तमंचा, दो कारतूस, एक चाकू, एक बाइक बरामद किए हैं। पूछताछ में चारों ने घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार की।
पकड़े गए बदमाशों की कुंडली ः सहारनपुर। ट्रैक्टर ट्रॉली लूट में पकड़े गए चार बदमाशों में दो सगे भाई सोनू और सुशील पुत्रगण चंद्रपाल निवासी नौजल थाना थानाभवन शामली हैं। इनके अलावा अनुज पुत्र धनत्तर निवासी साल्हापुर नकुड़ सहारनपुर और अंकित रुहेला पुत्र राजकुमार निवासी अनंतमऊ थाना नानौता सहारनपुर शामिल हैं।
अनुज है मास्टर माइंड
सहारनपुर। घटना के पीछे अनुज का दिमाग था। पकड़े गए बदमाशों ने पुलिस को बताया कि अनुज ने उन्हें बताया था कि उसके एक किसान पर कुछ रुपये बैठते हैं। ऐसे में उस किसान से ट्रैक्टर छीनना है। यदि हम ट्रैक्टर छीन लेते हैं तो बाद में वह मेरे रुपये लौटा देगा। उसके बाद उन रुपयों में से कुछ हिस्सा वह उन्हें भी देगा। इसी लालच में सोनू, सुशील और अंकित उसके झांसे में आ गए।