कोतवाली मंडी क्षेत्र 20 जुलाई की दोपहर लूट की घटना को अंजाम देने के दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। जबकि मुख्य आरोपी अब भी फरार है। पकड़े गए आरोपियों के पास से लूटी गई सोने की चेन एवं लूट में इस्तेमाल की गई बाइक और छुरी भी बरामद हुई है।
20 जुलाई की दोपहर दो बदमाश विनोद कुमार जैन पुत्र सुरेंद्र जैन के जैन बाग स्थित घर में घुस आए थे। बदमाशों ने परिवार को तमंचों से आतंकित कर सोने की चेन और मोबाइल लूट लिया था। विनोद जैन द्वारा घर के बाहर आकर शोर मचाने की वजह से बदमाश भाग निकले थे। भागने की वजह से उनकी बाइक और छुरी वहीं छूट गई थी।
एएसपी ने मौके पर पहुंचकर वारदात की जानकारी ली थी। उन्हीं के निर्देशन में कोतवाली पुलिस बदमाशों की तलाश में थी। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे की फुटेज भी जारी की थी।
13 अगस्त को कोतवाली मंडी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी, जिसके आधार पर पुलिस ने 62 फुटा रोड पर छापा मारकर फरमान पुत्र जिंदा निवासी हबीबगढ़ और मल्लू उर्फ शईद पुत्र मोहम्मद सादिक निवासी गली नंबर नौ पीर वाली गली को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उन्होंने जैन बाग में लूट की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया।
पुलिस ने उनके पास से लूटी गई सोने की चेन, छुरी और लूट में इस्तेमाल की गई बाइक बरामद करना बताया है। एसपी सिटी संजय सिंह ने पत्रकार वार्ता कर घटना का खुलासा करते हुए बताया कि पकड़े गए बदमाशों में फरमान वारदात में शामिल था, जबकि मल्लू ने रैकी की थी।
बताया कि वारदात में शामिल रहा दूसरा आरोपी नदीम अभी फरार है, जो थानाभवन का रहने वाला है। आरोपियों को पकड़ने वाली पुलिस टीम में कोतवाली प्रभार आरएन यादव, सुशील कुमार सैनी, लेखराम शर्मा, प्रवीण कुमार और दिलशाद शामिल हैं।
अजनबी को घर में एंट्री देना पड़ा भारी
पकड़े गए आरोपियों में मल्लू उर्फ शईद नाम का व्यक्ति रिक्शा चालक है। घटना से कुछ दिन पहले वह विनोद जैन के घर का सामान रिक्शा में लादकर घर छोड़ने गया था। विनोद जैन ने सामान उतरवाकर उसे ही घर में रखने को कहा था। उस समय मल्लू ने घर में सामान रखते हुए घर की रैकी की थी और फिर नदीम और फरमान को घटना के लिए उकसाया था।