सहारनपुर के रामपुर मनिहारान में पांच दिन पूर्व व्यापारी और उसके साथी के साथ मारपीट के प्रकरण को लेकर उपजा तनाव मंगलवार की शाम दो समुदायों के लोगों के बीच संघर्ष की वजह बन गया।
दोनों तरफ के लोगों के बीच जमकर पथराव हुआ। हालांकि कोई घायल नहीं हुआ। पुलिस ने लाठियां फटकार कर आपस में लड़ रहे लोगों को खदेड़ा। इस दौरान कश्यप समाज के घरों की तलाशी ली और एक युवक को हिरासत में लेने पर इस पक्ष ने हंगामा किया।
भाजपा जिलाध्यक्ष ने मौके पर पहुंच पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया। तनाव के मद्देनजर पुलिस बल तैनात कर दिया गया। एसडीएम और सीओ मौके पर कैंप कर रहे हैं।
बता दें कि पांच दिन पूर्व मोहल्ला इकराम निवासी गौरव व मनोज पर दुकान बंद करके वापस लौटते वक्त रात के वक्त मुहल्ले के ही जुबेर व भूरा ने अपने साथियों के साथ हमला कर घायल कर दिया था।
इसमें गौरव पक्ष की तरफ से जूबेर और भूरा को नामजद किया था। घटना के पांच दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार नहीं किया। युवकों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर दोनों पक्षों में तनाव चला आ रहा था।
मंगलवार की शाम इसी मामले को लेकर दोनों पक्षों के लोग आमने सामने आ गए। दोनों तरफ से पथराव हुआ। संघर्ष की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने लाठियां फटकार कर पथराव कर रहे लोगों को खदेड़ा।
पुलिस ने आसपास के लोगों से घरों में जाकर पूछताछ की। कश्यप समाज के एक युवक को हिरासत में लेने के साथ ही उनके घरों की तलाशी ली गई तो इससे इस पक्ष ने हंगामा कर दिया।
कश्यप समाज पक्ष का आरोप था कि पांच दिनों से उन्हें जुबेर पक्ष की ओर से धमकी दी जा थी। पुलिस को अवगत कराने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की गई। अब भी पुलिस उल्टे उनका ही उत्पीड़न कर रही है।
गुस्साए लोगों को मौके पर पहुंचे चेयरमैन प्रतिनिधि प्रदीप चौधरी और काजी नदीम ने समझा कर शांत किया। इसी दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष बिजेंद्र कश्यप भी मौके पर पहुंचे।
उन्होंने पुलिस पर आरोप लगाया कि यदि पुलिस पूर्व के झगडे़ में नामजद युवकों को गिरफ्तार कर लेती हो यह घटना नहीं होती। इस घटना में पुलिस की लापरवाही उजागर हो रही है। उन्होंने पकडे़ गए निर्दोष युवक को छोडे़ जाने की मांग की।
उधर जुबेर पक्ष का कहना था कि कश्यप समाज केे लोगों ने उन पर पथराव किया है। तनाव को देखते हुए घटना स्थल पर पुलिस बल को तैनात किया गया है। एसडीएम हीरालाल यादव और सीओ हरिप्रकाश कसाना खुद कैंप कर रहे हैं। थानाध्यक्ष ने कहा कि शांति भंग करने वालों को किसी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।