एक किशोर ने अपने घर में किराए पर रह रहे एक परिवार की साढ़े तीन साल की बच्ची से साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। बच्ची की चीख सुनकर पहुंचे परिजनों ने किशोर को पकड़ने का प्रयास किया। लेकिन वह फरार हो गया। आरोपी के परिजनों ने पीड़ित परिवार को बंधक बना लिया। शनिवार को महिला का पति आया तो वे रात में थाने पहुंचे, जहां पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर बच्ची को चिकित्सय परीक्षण के लिए भेजा है। पुलिस ने रविवार को आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया।
जनकपुरी थाना क्षेत्र के एक मोहल्ले में पिछले माह से एक परिवार किराए पर रह रहा था। परिवार में तीन बच्चे हैं, जिनमें एक बच्ची साढ़े तीन साल की है। बच्ची की मां का आरोप है कि छह मई को उसका पति काम से बाहर गया था। दोपहर में वह अपने कमरे में थी। उसके मकान मालिक का 12-13 साल का लड़का उसकी साढ़े तीन साल की मासूम बेटी को बहाने से अपने कमरे में बुला ले गया।
कुछ देर बाद उसे अपनी बेटी के चीखने की आवाज सुनाई दी। आरोप है कि जब वह मकान मालिक के कमरे में पहुंची तो मकान मालिक का किशोरवय पुत्र उसकी बेटी के साथ दुष्कर्म कर रहा था। उसे देखते ही आरोपी फरार हो गया। इसी दौरान मकान मालिक और उसके परिवार के अन्य लोग भी वहां पहुंच गए, जिन्होंने उसे कमरे में ही बंद कर दिया ताकि वह किसी से शिकायत न कर सके।
उसे लगातार धमकी दी जाती रही। शनिवार को उसका पति बाहर से लौटा तो उसने अपने पति को सारी बात बताई। जिसके बाद किसी तरह रात को निकल कर अपने बच्चों के साथ थाने पहुंचे और मामले की जानकारी पुलिस को दी। मामला अलग-अलग समुदाय का होने के चलते पुलिस ने तुरंत रिपोर्ट दर्ज कर मासूम का चिकित्सीय परीक्षण कराया। रविवार दोपहर पुलिस ने आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।
जनकपुरी थाना प्रभारी मुकेश कुमार गौतम ने बताया कि बच्ची का मेडिकल करा दिया गया है और उसकी मां की ओर से आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म की रिपोर्ट दर्ज की गई है आरोपी पर पोक्सो एक्ट में मामला भी दर्ज किया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म का प्रयास
सहारनपुर। सदर कोतवाली क्षेत्र की एक कालोनी में घर में अकेली पाकर कालोनी के ही कुछ युवकों ने घर में घुसकर किशोरी से दुष्कर्म का प्रयास किया। शोर सुनकर पहुंचे पड़ोस के लोगों ने उसे बचा लिया। सदर कोतवाली क्षेत्र की एक कालोनी निवासी एक महिला का कहना है कि उसका पति 15 दिन से बाहर गया हुआ है।
रविवार की दोपहर वह गैस सिलेंडर लेने चली गई थी। घर में उसकी 11 वर्षीय बेटी अकेली थी। महिला का आरोप है कि कॉलोनी का ही युवक पास के गांव के दो अन्य युवकों के साथ उसके घर में घुस गया और उसकी बेटी से दुष्कर्म का प्रयास किया। बेटी के शोर मचाने पर पड़ोस के लोग पहुंच गए। जिन्होंने आरोपियों के चंगुल से बेटी को बचाया। जब वह घर वापस पहुंची तो उसे पूरी घटना का पता चला। इस मामले में महिला ने सदर कोतवाली में तहरीर दी है।