ग्राम मल्हीपुर के निकट जंगल में अहमदपुर निवासी पप्पन की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया। पप्पन की हत्या अनैतिक संबंधों के शक में की गई थी। पुलिस ने हत्या के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर उसके पास से हत्या में प्रयुक्त तमंचा एवं मोटरसाइकिल बरामद कर लिया है।
रामपुर मनिहारान थाना क्षेत्र के ग्राम मल्हीपुर के निकट जंगल में निर्माणाधीन बाईपास पर अहमदपुर निवासी पप्पन (34 वर्ष) की 19 जनवरी की रात को गोली मारकर की गई हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में पप्पन के भाई प्रीतम ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी।
नगर पुलिस अधीक्षक प्रबल प्रताप सिंह ने बताया कि शुक्रवार की शाम को थाना रामपुर मनिहारान पुलिस को हत्या के आरोपी के संबंध में सूचना मिली। सूचना पर पुलिस ने सहारनपुर की रामबिहार कालोनी में दबिश देकर मनोज शर्मा निवासी ग्राम कान्हाहेड़ी थाना चरथावल जनपद मुजफ्फरनगर, हाल पता रामबिहार कालोनी सदर कोतवाली, सहारनपुर को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के पास से बिना नंबर की मोटरसाइकिल एवं उसकी निशानदेही पर तमंचा भी बरामद किया। आरोपी ने तमंचा मल्हीपुर की पुलिया से आगे यूूकेलिप्टस के पेड़ के पास से गड्ढे में से खोदकर पुलिस को बरामद कराया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि डाक्टर प्रभात के घर उसकी पत्नी तीन-चार साल से नौकरी करती है। वहीं पर पप्पन भी नौकरी करता था। पप्पन उसकी पत्नी से संबंध बनाने का प्रयास कर रहा था।
उसने भी उसे अपनी पत्नी के साथ बातचीत करते देखा था। उसने अपनी पत्नी एवं पप्पन को कई बार समझाया था, लेकिन पप्पन मान नहीं रहा था। पप्पन उसे ही मारने की फिराक में था। जिस पर उसने हत्या करने का निर्णय लिया।
19 जनवरी की शाम लगभग 5.30 बजे पप्पन को अपने साथ डाक्टर प्रभात के घर से पैदल ही शराब पिलाने के लिए मल्हीपुर रोड पर बने शराब के ठेके पर ले गया। वहां दोनों ने थोड़ी शराब ठेके पर पी।
फिर बची शराब लेकर दोनों डाक्टर प्रभात के मकान के पास आए। डाक्टर के घर पर उसकी मोटरसाइकिल खड़ी थी। पप्पन ने उससे घर जाने के लिए कहा तो उसने उसे यह कहकर रोक लिया कि वह ही उसे छोड़ देगा। पप्पन अपना दूध का कैन एवं जूते जो नए खरीदे थे उन्हें लेकर उसके साथ मोटरसाइकिल पर पीछे बैठ गया।
लगभग 7 बजे दोनों अहमदपुर से पहले म्हाड़ी के पास पहुंचे। जहां पप्पन ने अपना सामान अपने मोहल्ले के एक लड़के को दे दिया और शहर जाने की बात कही। उसने प्लान के अनुसार पप्पन की हत्या करने के लिए मोटरसाइकिल चलाने के लिए पप्पन से कहा और खुद पीछे बैठ गया। मल्लीपुर से पहले बाईपास की पुलिया के पास उसने पप्पन को लघुशंका करने के बहाने गाड़ी रोकने को कहा। पप्पन के बाइक रोकते ही उसने गोली मार दी।