सहारनपुर के मंडी कोतवाली की सरदार कालोनी में किराए पर रह रही एक विवाहिता की उसकी ही चुनरी से गला घोंटकर हत्या कर दी गई। दुल्हैंडी के दिन शाम को घटना को अंजाम दिया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
धाबीघाट के श्याम बगीची निवासी रेशु सक्सेना अपनी पत्नी राखी (25 वर्ष) के साथ आठ माह से मंडी कोतवाली के मोहल्ला सरदार कालोनी में किराए का मकान लेकर रह रहे थे। रेशु पहले नजीबाबाद में मूंगफली भूनने का काम करता है।
पुलिस के अनुसार रेशु होली पर अपने घर आया हुआ था। जो शाम को लगभग 3 बजे घर से नजीबाबाद के लिए चला गया। उसके बाद से घर में कोई नहीं गया। शनिवार सुबह कुछ लोग उसके घर पहुंचे तो दरवाजा बंद मिला पड़ोसियों ने राखी को आवाज लगाई, लेकिन कोई आवाज नहीं आई।
जिस पर लोगों को शक हुआ और पुलिस को मामले की सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर किसी प्रकार दरवाजा खोला और अंदर पहुंचे। तो एक कमरे में राखी का उसकी चुनरी से ही गला घोंटा हुआ था और उसे डबल बेड से बांध रखा था।
पुलिस ने डबल बेड को हटवाया और शव को निकाला। पुलिस के अनुसार महिला की शुक्रवार की शाम को ही हत्या की गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। पुलिस महिला के पति से संपर्क करने का प्रयास कर रही है। अभी तक महिला का पति नहीं आ सका है।