सहारनपुर के नानौता में एक दिन पूर्व गांव जोगीपुरा में हुए खूनी संघर्ष के अगले ही दिन सुबह फिर से दोनों पक्षों के लोग आमने सामने आ गए। जमकर लाठी-डंडे चले, पत्थरबाजी हुई।
इस दौरान फायरिंग भी की गई। हमलावरों ने गांव में खड़ी एक गाड़ी को तोड़ डाला। झगड़े में दोनों पक्षों के नौ लोग घायल हुए। मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को गंभीर हालत के चलते जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
गांव में भारी पुलिस बल तैनात किया गया। क्षेत्राधिकारी द्वारा गांव का दौरा कर पुलिस बल तैनात किया गया है ।नानौता थाना क्षेत्र के ग्राम जोगीपुरा में रविवार की शाम करीब 6 बजे शब्बीर व अहमद पक्ष के लोगों में खूनी संघर्ष हुआ था।
इसमें दोनों ओर से पांच महिलाओं सहित कुल 14 लोग घायल हो गए थे। दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर आरोप लगाते हुए थाने पर तहरीर दी थी। इसके बाद दोनों पक्षों के लोग गांव लौट गए थे।
सोमवार की सुबह एक बार फिर दोनों पक्षों में चली आ रही तनातनी तल्ख हो गई। बात फिर इतनी बढी कि दोनों ओर से जमकर पत्थरबाजी से लेकर फायरिंग तक हुई। इस दौरान खूब फायरिंग भी हुई।
खूनी संघर्ष में शब्बीर पक्ष के रिजवान पुत्र महमूद, सद्दाम पुत्र मीरहसन, खुर्शीद पुत्र मरगूब व राशिद पुत्र शब्बीर राणा तथा दूसरे पक्ष से सलीम पुत्र मौ. हसन, सराफत पुत्र अहमद, तोयब पुत्र बशीर, शमशाद पुत्र अली हसन व अब्बास पुत्र बशीर अहमद घायल हो गए।
पूरे गांव की गलियों में ईंट, पत्थर बिखरे पडे़ मिले। मौके पर पहुंची थाना पुलिस व सीओ गंगोह जगदीश चंद्र ने सभी घायलों को पहले सीएचसी नानौता पर व हालत बिगड़ने पर जिला अस्पताल में भिजवाया।
एसओ अवनीश यादव ने बताया कि सुरक्षा की दृष्टि से पूरे गांव में पुलिस बल तैनात किया गया है। झगड़ा करने वाले लोगों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। करीब बीस लोगों को मौके से हिरासत में लिया गया है।