सहारनपुर के नानौता में छात्रा के साथ दुष्कर्म का प्रयास करने पर मोहल्ले से भगाए गए दुकानदार को फिर से मोहल्ले में देखते ही पीडि़ता दहशत में आ गई है। छात्रा ने घर से निकलना और स्कूल जाना तक बंद कर दिया।
परेशान छात्रा के परिजनों ने थाने में तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की है। नगर के एक मोहल्ला निवासी व्यक्ति की धेवती ननिहाल में रहकर पढ़ रही थी। इसी साल 27 मार्च को नौ वर्षीय छात्रा मोहल्ले के ही एक अधेड़ दुकानदार के पास परचून का सामान लेने गई थी।
इसी दौरान दुकानदार ने छात्रा को दुकान के अंदर बुलाकर सामान देने का बहाना बनाकर दुकान का शटर डाल दिया। इसके बाद उसके साथ अश्लील हरकतें करते हुए दुष्कर्म का प्रयास किया, लेकिन शोर होने पर आसपास के काफी संख्या मोहल्लेवासी मौके पर पहुंच गए।
इसके बाद छात्रा को बाहर निकाला गया और आरोपी दुकानदार लोगों से माफी मांगता हुआ फरार हो गया था। उस वक्त पीड़ित छात्रा के नाना द्वारा इस मामले में थाने पर तहरीर देकर आरोपी दुकानदार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी,
लेकिन नगर के कुछ जिम्मेदार लोगों द्वारा इस मामले में बिना किसी कार्रवाई के आपसी समझौता कराते हुए आरोपी दुकानदार को बालिका की शादी होने तक नानौता से बाहर रहने का फरमान सुनाया था।
इसके बाद दुकानदार दुकान बंद करके चला गया था, लेकिन पिछले तीन दिन से दुकानदार फिर से मोहल्ले में वापस आ गया और दुकान पर बैठने लगा।
उधर पीड़ित छात्रा ने बृहस्पतिवार को को आरोपी दुकानदार को देख लिया तो वह दहशत में आ गई। उसने घर पहुंच कर स्कूल जाने व घर से बाहर निकलने से मना कर दिया। परिजनों द्वारा छात्रा के साथ जब पूछताछ की गई तो छात्रा फिर से दहशत में दिखाई दी।
इसके बाद पीड़ित छात्रा के नाना ने पूर्व में आयोजित पंचायत में शामिल लोगों को पूरा मामला बताया तो वे भी पल्ला झाड़ गए। जिसके बाद छात्रा के नाना ने थाने पर तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर धेवती की सुरक्षा की गुहार लगाई है। उधर, एसओ सैयद हैशामुद्दीन का कहना है कि तहरीर मिल गई है जांच कर कार्रवाई की जाएगी।