छुटमलपुर निवासी एक महिला ने बादशाहपुर गांव के प्रधान पति पर उसकी कृषि भूमि में ग्राम समाज केे पट्टे काटने की धमकी देकर दो लाख रुपये मांगे जाने का आरोप लगाते हुए एसडीएम से शिकायत की है। एसडीएम ने एसओ बिहारीगढ़ को शिकायत की जांच कर आरोप सही पाए जाने की दशा में प्रधान पति के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
छुटमलपुर की पंजाबी कालोनी निवासी पूजा बंसल शनिवार को एसडीएम से मिली। उन्होंने एसडीएम को अवगत कराया कि उनकी बादशाहपुर गांव के पास काश्त की भूमि है जो राजस्व अभिलेखों में उसके नाम दर्ज है। वर्ष 2010 में ग्राम प्रधान की मौजूदगी में राजस्व टीम ने उक्त भूमि की पैमाइश कराकर उसकी तारबंदी कराई थी।
15 जून को उसके पति उक्त भूमि की ट्रैक्टर से जुताई करा रहे थे, आरोप है कि प्रधानपति उनके पास पहुंचे और यह कहते हुए जुताई बंद करा दी, कि उक्त भूमि ग्राम समाज की है। यदि इसकी जुताई करानी है, तो उसे दो लाख रुपये देने पड़ेंगे, वरना वह उन्हें उक्त भूमि में घुसने नहीं देगा। यदि फिर भी खेत में घुसे तो अपने आदमियों से मरवा दिया जाएगा।
महिला की शिकायत पर एसडीएम बेहट शीतल प्रसाद गुप्ता ने थानाध्यक्ष बिहारीगढ़ को मामले की जांच कराकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई के लिए निर्देशित किया है। उधर प्रधान पति लाखन सिंह सैनी का कहना है कि आरोप झूठा है। उन्होंने न तो कोई रकम मांगी और ना ही कोई धमकी है। वे किसी भी जांच के लिए तैयार हैं।