गोकशी की सूचना पर फुलास अकबरपुर गांव में छापेमारी करने गई पुलिस पर ग्रामीणों ने हमला बोल दिया। ग्रामीणों की ओर पथराव और फायरिंग की गई, जिसमें करीब आधा दर्जन पुलिसकर्मी घायल हो गए।
इससे गुस्साई पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए ग्रामीणों पर न सिर्फ लाठीचार्ज किया बल्कि हवाई फायरिंग भी की, जिसमें कई ग्रामीण भी घायल हुए हैं। काफी देर बाद पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में किया। छापेमारी के दौरान पुलिस ने एक घेर से गोमांस भी बरामद किया है।
रविवार को गोकशी होने की जानकारी मिलने पर कोतवाली के एसएसआई वेदपाल सिंह पुलिस व पीएसी बल को साथ लेकर क्षेत्र के फुलास अकबरपुर गांव पहुंचे। वहां उन्होंने एक मकान में छापेमारी करते हुए करीब पांच क्विंटल गोमांस, दो जिंदा बैल और गाय की खालें बरामद करते हुए बुद्धु कुरैशी नामक व्यक्ति को हिरासत में ले लिया। पुलिस जब बुद्धु को लेकर जाने लगी तो अचानक लोगों ने पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया।
इतना ही नहीं ग्रामीणों की ओर से हवाई फायरिंग भी की गई। पथराव में पुलिसकर्मी बिजेंद्र कुमार, नरेंद्र, विक्रांत राणा, चरणजी लाल व वाहिद अहमद आदि घायल हो गए। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए ग्रामीणों पर लाठीचार्ज कर दिया। आरोप है कि पुलिस की ओर से भी हवाई फायरिंग की गई। लाठीचार्ज में कई ग्रामीणों के भी घायल होने की सूचना है।
बाद में घायल पुलिसकर्मियों को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां से गंभीर रूप से घायल सिपाही बिजेंद्र और वाहिद अहमद को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। मामले को लेकर सीओ सुरेशपाल सिंह का कहना है कि छापेमारी करने गई पुलिस पार्टी पर पथराव व फायरिंग करने के आरोप में एसएसआई वेदपाल सिंह की तहरीर पर कई नामजद और सैकड़ों अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है।
कवरेज कर रहे मीडियाकर्मियों को भी दौड़ाया
लाठीचार्ज व पथराव के मामले में फुलास अकबरपुर गांव में कवरेज करने पहुंचे मीडियाकर्मियों को भी ग्रामीणों ने नहीं बख्शा। भीड़ में शामिल कुछ असामाजिक तत्वों ने उनके साथ न केवल अभद्रता बल्कि उनके साथ मारपीट करने पर भी उतारू हो गए। मीडिया कर्मियों ने वहां से भागकर अपनी जान बचाई।