सीलबंदी की कार्रवाई करते अफसर।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
सहारनपुर विकास प्राधिकरण और प्रशासन की टीम ने बृहस्पतिवार को शहर में चल रहे ट्रांसपोर्ट कारोबार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए चार ट्रांसपोर्ट कंपनी के आफिसों को सील कर दिया। उन्होंने ट्रांसपोर्ट कारोबार को टीपी नगर में जल्द ही शिफ्ट करने के निर्देश दिए।
बृहस्पतिवार को प्रशासन और विकास प्राधिकरण की टीम ने मंडी समिति रोड, चिलकाना रोड आदि पर सघन जांच की और वहां चल रही चार ट्रांसपोर्ट के कार्यालयों को सील कर दिया।
विकास प्राधिकरण के वित्त अधिकारी विनय शुक्ला ने बताया कि मंडी समिति रोड पर ग्रीन ट्रांसपोर्ट, चिलकाना रोड पर ओकारा और एमबी ट्रांसपोर्ट, टीपी नगर के पास स्थित जय बद्री विशाल ट्रांसपोर्ट को सील किया गया है।
उन्होंने कि ट्रांसपोर्ट कारोबार के लिए विकास प्राधिकरण ने टीपी नगर को बसाया गया है। इसमें अधिकांश कारोबारियों ने शिफ्ट भी कर लिया है। अब शहर में बीच से ट्रांसपोर्ट कारोबार को चलने नहीं दिया जाएगा। ऐसा करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान सिटी मजिस्ट्रेट हरिशंकर, विकास प्राधिकरण के सचिव सत्यप्रकाश शर्मा, सहायक अभियंता एनपी सिंह, अवर अभियंता सीएम अग्रवाल और पुलिस बल मौजूद रहा।