फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

लूट में शामिल चार बदमाश दबोचे

Thu, 17 Mar 2016 12:21 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, सहारनपुर
विज्ञापन
नकुड़ में लेखपाल से लूट में पकडे़ गए बदमाश। - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन
 11 दिन पहले जिले की नकुड़ तहसील से बैनामा कर लौट रहे लेखपाल से हुई लाखों की लूट का खुलासा करते हुए पुलिस ने चार बदमाशों को गिरफ्तार किया है।
विज्ञापन

उनके कब्जे से लूट की तीन लाख रुपये की नगदी, चार तमंचे, लेखपाल का बैग, पासबुक सहित अन्य दस्तावेज भी बरामद किए गए हैं। बुधवार को एसएसपी आरपीएस यादव ने मुठभेड़ में बदमाशों की गिरफ्तारी का दावा करते हुए यह खुलासा किया।  

नकुड़ पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम की मौजूदगी में बुधवार को हुई प्रेस वार्ता में एसएसपी ने बताया कि चार मार्च को थाना कुतुबशेर के इस्माइलपुर निवासी लेखपाल बाबूराम से थाना नकुड़ क्षेत्र में गांव सढ़ौली के जंगल में चार लाख रुपये बाइक सवार बदमाशों ने लूट लिए थे।
विज्ञापन

लेखपाल नकुड़ तहसील से बैनामा कर लौट रहे थे। खुलासे के लिए क्राइम ब्रांच, सर्विलांस टीम और नकुड़ पुलिस को लगाया गया था। उन्होंने बताया कि मंगलवार को नकुड़ रोड पर मुठभेड़ के दौरान पुलिस ने वारदात को अंजाम देने वाले चार बदमाशों को गिरफ्तार कर लूटी गई रकम के तीन लाख रुपये और बाइक और असलहा भी बरामद किया गया।

गिरोह का सरगना थाना गंगोह के गांव चकवाली निवासी राकेश उर्फ डिंपल पुत्र चरण सिंह फरार हो गया। गिरफ्तार किए गए बदमाशों में शामली के कांधला क्षेत्र के गांव पिंजोरखरा निवासी अरुण पुत्र सतपाल, शुभम पुत्र ऋषिपाल और अमन उर्फ पांडा पुत्र रामपाल के अलावा कांधला क्षेत्र के ही गांव जसाला निवासी संदीप उर्फ संजीव उर्फ काला शामिल हैं। 

गंगोह में भी की थी लाखों की लूट
पूछताछ के दौरान पकडे़ गए बदमाशों ने खुलासा किया कि उन्होंने ही पिछले वर्ष 28 दिसंबर को गंगोह क्षेत्र में बैनामा कर लौटते गांव मोहड़ा निवासी संजय सिंह से सात लाख रुपये तथा करीब चार-पांच माह पूर्व शामली के कैराना क्षेत्र में भी एक व्यक्ति से 1.20 लाख रुपये लूटे थे। 

सरगना ही करता था लूट से पहले रेकी
मुठभेड़ के दौरान फरार हुआ सरगना चकवाली निवासी राकेश उर्फ डिंपल ही लूट के लिए पहले रेकी करता है। पकड़े गए गैंग से खुलासा हुआ कि वह केवल बैनामा कर घर लौटते समय ही लोगों को निशाना बनाते हैं और फिर वारदात के बाद गैंग लीडर के गांव में जाकर लूटी गई रकम का बटवारा किया जाता है।

लूट की रकम से गारमेंट्स का शोरूम बनाया
एसएसपी ने बताया कि लुटेरा गैंग में शामिल पकड़ा गया अमन का कांधला में रेडीमेड गारमेंट्स है। वह लूट की रकम कारोबार में लगाता है। शुभम और अरुण आईटीआई और पालीटेक्निक के छात्र हैं। सरगना ने लूट की रकम से ट्रैक्टर और बुलेट मोटरसाइकिल भी खरीदी है।
 
आपराधिक इतिहास
पकडे़ गए बदमाशों का हत्या, लूट, डकैती, जानलेवा हमले जैसे संगीन मामलों में नाम दर्ज है। अरुण, राकेश व शुभम पर शामली, जीआरपी में डकैती का मामला दर्ज है, तो वहीं अरुण और राकेश जीआरपी शामली से शस्त्र अधिनियम में भी जेल जा चुके हैं।

जबकि, अकेले राकेश पर थाना रामपुर में डकैती के दौरान जानलेवा हमला करने की रिपोर्ट दर्ज है। वहीं थाना कांधला में भी वह अरुण के साथ डकैती व धमकी के मामले में नामजद है और अरुण पर इसी थाने में हत्या का भी एक मामला दर्ज है। 
विज्ञापन


आईजी ने दिया इनाम 
लेखपाल से हुई लूट मामले का थाना नकुड़ पुलिस ने सर्विलांस की मदद से अपराध शाखा के साथ मिलकर खुलासा किया। एसएसपी ने बताया कि खुलासा करने वाली टीम को आईजी की ओर से 20 हजार रुपये, डीआइजी की ओर से 12 हजार एवं उनकी ओर से 5000 का इनाम दिया गया है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें