सहारनपुर के रामपुर मनिहारान के पहांसु गांव में गत सप्ताह ग्रामीण को गोली मारने वाले दो तस्करों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। एक तस्कर फरार होने में सफल रहा। नामजद दस गोवंश तस्करों में सात अभी पुलिस पकड़ से दूर हैं।
पिछले सप्ताह रामपुर मनिहारान थाना क्षेत्र के गांव पहांसु के रास्ते तासीपुर जा रहे गोवंश तस्करों ने पीछा होने पर एक ग्रामीण बिरमपाल को गोली मार दी थी। उसका उपचार हायर सेंटर में चल रहा है।
गोली लगने के बाद घायल के साथी ग्रामीणों ने पीछा कर एक तस्कर को धर दबोचा था, जिसे पुलिस को सौंप दिया था। इस मामले में दस गोवंश तस्करों को नामजद कराया गया था।
सीओ वीसी गौतम के अनुसार बृहस्पतिवार की सुबह पुलिस को सूचना मिली की कुछ संदिग्ध लोग गांव पहांसु के जंगल में हैं। इसके बाद घेराबंदी की तो तस्करों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी।
पुलिस ने मौके से दो युवकों को दबोच लिया जबकि उनका एक साथी भाग निकला। पकड़े गए तस्करों में नौशाद पुत्र ताहिर निवासी गांव घान्ना खंडी थाना देहात कोतवाली सहारनपुर, नवाब पुत्र अकबर निवासी गांव तासीपुर थाना नागल है।
जबकि उनका एक साथी काला शेख पुत्र जिम्मू पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। पकड़े गए दोनों युवकों ने पांच मार्च की घटना में शामिल होना स्वीकार किया है। दोनों के पास से 315 बोर के तमंचे और कारतूस बरामद किए गए हैं।
सीओ ने बताया कि नामजद सात आरोपियों की भी पुलिस गंभीरता से तलाश कर रही है। जल्द ही उन्हें भी पकड़ कर जेल भेज दिया जाएगा।