बागपत के बड़ौत में छपरौली चुंगी पर नाले में संदिग्ध परिस्थितियों में एक ट्रक चालक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। उसकी पत्नी ने इस संबंध में रिपोर्ट दर्ज कराई।
मृतक राजेंद्र ( 47) पुत्र तोताराम दोघट कस्बे का रहने वाला है। वह हाल में छपरौली रोड पर एक मकान में किराये पर रहता है। वह ट्रक चालक है। उसकी पत्नी रविता ने बताया वे 15 दिन पहले गुवाहाटी के लिए ट्रक लेकर गए । बुधवार को शाम 8 बजे के लगभग उनका टेलीफोन आया था कि वे छपरौली चुंगी पर है। इसके बाद न तो उनका टेलीफोन आया और न ही मोबाइल मिला। बृहस्पतिवार की सुबह छपरौली चुंगी के दुकानदारों ने पुलिस को सूचना दी कि नाले में एक व्यक्ति का शव पड़ा है। सूचना पर एसएसआई फिरोज अख्तर पुलिस बल के साथ वहां पहुंचे तो वह नाले में नग्न अवस्था में उल्टा पड़ा था। उसकी चादर व कमीज भी दूर रखी थी। उसके शरीर पर चोट के निशान नहीं थे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। इस संबंध में मृतक की पत्नी रविता ने कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। एसएसआई ने बताया पोस्ट मार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सही स्थिति का पता लग सकेगा।