सहारनपुर के छुटमलपुर में राजस्थान के भिवाड़ी से सब्जी बेच कर लौट रहे व्यापारी से रोडवेज बस में नशीला पदार्थ सुंघा कर ढाई लाख रुपये की नगदी लूट ली।
बेसुध अवस्था में व्यापारी को बस का परिचालक छुटमलपुर स्टैंड पर उतार गया। गांव के एक व्यक्ति ने पहचान कर परिजनों को सूचना दी। परिजनों के अनुसार पीड़ित बदहवास है और कुछ बता पाने की दशा में नहीं है।
फतेहपुर थाना क्षेत्र के गांव गंदेवड़ा निवासी इकराम पुत्र वहीद सोमवार को राजस्थान की भिवाड़ी मंडी में सब्जी बेचने गया था। वह मंगलवार की दोपहर 12 बजे वहां से रोडवेज बस में छुटमलपुर के लिए बैठा।
उसके पास सब्जी बिक्री के दो लाख 44 हजार रुपये थे। बुधवार की सुबह चार बजे जब बस छुटमलपुर पहुंची तो वह बदहवास हालत में सीट पर बैठा था। परिचालक को पता था कि उसे छुटमलपुर उतरना है।
ऐसे में वह उसे यहां यूनियन बैंक के सामने उतार कर चला गया। दिन निकलने पर उसके गांव के एक ग्रामीण ने उसे बेसुध पड़ा देखा तो उसके घर फोन करके परिजनों को सूचना दी।
इसी दौरान मंडी से भी बड़ी संख्या में आढ़ती मौके पर पहुंचे और वे उसे घर ले गए। परिजनों के अनुसार इकराम को पूरी तरह होश नहीं आया है। वह केवल इतना बता पा रहा है कि भगवानपुर तक उसके पास रुपये थे।
इसके बाद उसे कुछ होश नहीं रहा। ऐसे में माना जा रहा है कि बस में ही सफर करने वाले किसी पेशेवर ने वारदात को अंजाम दिया है। उधर, थानाध्यक्ष राजेंद्र सिंह का कहना था कि ऐसा मामला जानकारी में नहीं है। तहरीर भी नहीं आई है।
उधर, तीन हथियारबंद बदमाश ईट भट्टे के मुंशी को तमंचों से आतंकित कर 1.70 लाख रुपये लूट ले गए। विरोध करने पर मारपीट कर उसे घायल कर दिया। कोतवाली में नामजद तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की गई है।
गांव बांसदेई स्थित ईट भट्टे पर तैनात मुंशी नंद किशोर ने दी गई तहरीर में बताया कि बुधवार सुबह वह लेबर की भुगतान के लिए एक लाख सत्तर हजार की नगदी लेकर भट्टे पर पहुंचा था।
तभी तीन बदमाश वहां पहुंचे और उससे मारपीट करते हुए उक्त नगदी लूट ली। इसके बाद बदमाश जान की धमकी देते हुए फरार हो गए। उसने पुलिस और भट्टा स्वामी को सूचना दी। मामले में गांव के ही तीन लोगों को नामजद करते हुए तहरीर दी गई है।
उधर, कोतवाल यशपाल सिंह धामा ने बताया कि मामला लूट का ना होकर लेन-देन का प्रतीत हो रहा है। मामले की जांच कराकर कार्रवाई करेंगे।