मोहल्ला सराय पीरजादगान बुधवार की सुबह गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंज उठा। बच्चों की कहासुनी को लेकर उपजे मामूली विवाद में हुए संघर्ष में दो पक्षों में धारदार हथियार चले। जमकर पथराव और फायरिंग भी की गई।
लगने से तीन लोग जख्मी हुए, जबकि मारपीट में पूर्व सभासद और उसकी बहन समेत पांच लोग घायल हो गए। पुलिस ने मौके पहुंचकर बमुश्किल स्थिति को नियंत्रण किया और घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। चार लोगों को नाजुक हालत में जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
मोहल्ला सराय पीरजादगान निवासी पालिका के पूर्व सभासद इसरार गौरी और पड़ोसी सलीम के बच्चों के बीच मंगलवार को किसी बात को लेकर कहासुनी के बाद मारपीट हो गई थी। बुधवार को इसी मामले में समझौता करने के लिए मोहल्ले में एक घेर में दोनों पक्षों के लोग बैठे हुए थे। अचानक उनमें गरमा गरमाई होने लगी।
देखते ही देखते दोनों पक्ष के लोग एक दूसरे पर लाठी डंडे और तेज धारदार हथियार लेकर आमने सामने आ गए। इस बीच एक पक्ष की महिलाओं ने छत से पथराव शुरू कर दिया। फायरिंग भी शुरू हो गई।
गोलियों की तड़तड़ाहट से लोग सहमकर घरों में दुबक गए। गोली लगने से एक पक्ष का सलीम, मीर आलम और शमीम घायल हो गए, जबकि मारपीट में इसी पक्ष के रफीक, तनवीर, मुन्ना और दूसरे पक्ष के इसरार गौरी, उसकी बहन यासमीन और भतीजा घायल हुए।
सूचना मिलने पर कोतवाल विजय प्रकाश पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और बमुश्किल लोगों को समझाकर स्थिति को नियंत्रण करते हुए घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने नाजुक हालत में चार लोगों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए घरों की तलाशी भी ली।
कोतवाली प्रभारी का कहना है कि सलीम पक्ष की ओर से तहरीर दी गई। मोहल्ले में दोनाें पक्षों में समझौते के प्रयास चल रहे हैं। पुलिस जांच भी चल रही है। शांति भंग करने वाले दोनों पक्षों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस पर एकपक्षीय कार्रवाई का आरोप
देवबंद। सलीम पक्ष की महिलाओं ने पुलिस पर एक पक्षीय कार्रवाई करने का आरोप लगाया। कहा कि इसरार गौरी पक्ष ने उन पर पथराव और फायरिंग की। मगर, पुलिस ने केवल उनके घर की ही तलाशी ली। मंगलवार की रात्रि जब वह शिकायत लेकर कोतवाली पहुंचे तो पुलिस ने उनकी शिकायत को गंभीरता से नहीं लिया।