साइकिल की चक्री, जिससे गर्दन पर वार किया गया।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
थाना मंडी क्षेत्र के तोता चौक स्थित सरदार कालोनी में एक युवक पर साइकिल की चक्री से गर्दन पर वारकर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया गया। विवाद का कारण लड़की को लेकर हुई कहासुनी बताई जा रही है।
लेकिन पुलिस पुराने समय से चले आ रहे विवाद के कारण हमला होना बता रही है। इस मामले में दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
तोता चौक स्थित सरदार कालोनी में शुक्रवार दोपहर कल्लू पुत्र पूरण चंद नाम के युवक पर जानलेवा हमले की सूचना पुलिस को मिली। घटनास्थल पर पहुंचने के बाद घायल युवक को जिला अस्पताल भिजवाया गया।
क्षेत्र के कुछ लोगों ने बताया कि कल्लू और दूसरे पक्ष के राजेश कुमार, राज कुमार सहित कुछ अन्य लोगों में किसी बात को लेकर कहासुनी के बाद झगड़ा बढ़ गया था।
इसी बीच, कल्लू पर साइकिल की चक्री से ही हमला कर दिया गया। कालोनी के कुछ लोगों ने पुलिस को बताया कि एक लड़की को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी के बाद विवाद हुआ।
उधर, थाना मंडी प्रभारी ने हमले में कल्लू के घायल होने की पुष्टि तो की लेकिन उन्होंने किसी लड़की को लेकर विवाद होने से इनकार किया। उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों के बीच पहले भी विवाद हो चुका है। उन्होंने बताया कि हमले के आरोप में राजेश कुमार और राज कुमार नाम के युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।