चिलकाना में गांव बरथाकायस्थ में रुपये के लेनदेन को लेकर शनिवार की सुबह बुलाई गई पंचायत में ही दो पक्षों में खूनी संघर्ष हुआ। दोनों ओर से जमकर लाठी डंडे और धारदार हथियार चले। इसमें दो महिलाओं समेत 12 लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। तनाव को देखते हुए गांव में पीएसी तैनात की गई है।
चिलकाना थाना क्षेत्र के गांव बरथाकायस्थ निवासी आसिफ पुत्र फजलू तथा इसका पड़ोसी इमरान पुत्र नन्हा पशुओं की खरीद फरोख्त का काम करते हैं। इमरान के मुताबिक उसने एक वर्ष पूर्व जगाधरी हरियाणा के फाइनेंसर शिवकुमार से आसिफ को पशु खरीदने के लिये 70 हजार रुपये उधार दिलवाए थे। फाइनेंसर का दबाव पड़ने पर उसने आसिफ को उधार का रुपया वापस करने के लिए कहा। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में शुक्रवार की शाम झगड़ा हो गया था। पुलिस तथा गांव के लोगों ने उस समय दोनों पक्षों को समझा बुझा कर मामला शांत करा दिया था।
शनिवार की सुबह दोनों पक्षों की पंचायत आसिफ के चाचा नुरू कुरैशी के यहां हुई, जिसमें फाइनेंसर शिवकुमार को भी बुलाया गया था। पंचायत में दोनों पक्षों में कहा सुनी हो गई। देखते ही देखते लाठी डंडे और धारदार हथियार लेकर एक दूसरे पर टूट पड़े। इस संघर्ष में दोनों पक्षों की ओर से दो महिला समेत 12 लोग घायल हो गये।
एक पक्ष की ओर से काका, सुलेमान , इमरान, इनाम, रहमत घायल हुई, जबकि दूसरे पक्ष की ओर से नुरू, आरिफ, आशिफ, आशिक, चांद मियां, तारीक तथा फिरदोस घायल हुई है।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। दोनों पक्षों में तनाव को देखते पीएसी को तैनात किया गया है।
थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया की अभी तक किसी पक्ष की तरफ से कोई तहरीर नहीं दी है। तहरीर मिलने के बाद कार्रवाई की जाएगी। गांव में पुलिस तैनात की गई है यदि किसी ने कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने का प्रयास किया तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।