सहारनपुर की कोतवाली मंडी क्षेत्र की चांद कॉलोनी के पास बंद फैक्ट्री से युवक की अधजली और सड़ी लाश मिलने से सनसनी फैल गई। पता चलते ही लोगों की भीड़ जमा हो गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया, मगर सफलता नहीं मिली। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। बृहस्पतिवार की दोपहर कोतवाली मंडी प्रभारी को चांद कॉलोनी के पास करीब नौ महीने से बंद पड़ी हड्डी की फैक्ट्री में लाश पड़ी होने की सूचना मिली।
वह तुरंत अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे, जहां करीब 30 वर्षीय युवक का शव पड़ा था। शव का काफी हिस्सा बुरी तरह से झुलसा हुआ था। आधा जलने की वजह से कपड़े शरीर से चिपके हुए थे। साथ ही गर्दन पर चोट का निशान भी मिला।
ऐसे में आशंका है कि युवक को गर्दन पर वार कर मारा गया होगा। शव में कीड़े चल रह थे। इस आधार पर शव 25 से 30 दिन पुराना माना जा रहा है। दुर्गंध की वजह से वहां खड़े तक होना मुश्किल हो रहा था। पता चलते ही आसपास के लोग भी मौके पर जमा हो गए।
सूचना पर एएसपी सुनीति भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया, मगर सफलता नहीं मिली। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कोतवाली प्रभारी जयनारायण यादव ने बताया कि घटना की जांच सभी पहलुओं से की जा रही है। स्थानीय लोगों से बात कर शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया जा रहा है। शिनाख्त के बाद ही बाकी की कहानी का पता चल सकेगा।
आमतौर पर पुलिस मृतकों की जेबों से मिलने वालों कागजात, सामान या मोबाइल सिम आदि से शवों की शिनाख्त कराने का प्रयास करती है, मगर बृहस्पतिवार को मिली लाश के पास से ऐसा कोई सामान नहीं मिला है। पुलिस शव के पास से चप्पलें पड़े होने की बात कह रही है। ऐसे में चप्पलों को कब्जे में लिया है।