सहारनपुर जेल में इस प्रकार से पहुंचा केक।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
सहारनपुर में जेल प्रशासन की एक बड़ी चूक सामने आ गई है। जेल में बंद भीम आर्मी का 12 हजार का इनामी रहे जिलाध्यक्ष कमल वालिया के जन्मदिन का केक उसके समर्थक और परिजन लेकर जेल के अंदर तक पहुंच गए।
मामला सार्वजनिक हुआ तो अधिकारियों ने अपनी फजीहत होते देख तुरंत समर्थकों को केक सहित बाहर निकाल दिया। सहारनपुर हिंसा के मामले में 12 हजार के इनामी रहे जेल में बंद भीम आर्मी के जिलाध्यक्ष कमल वालिया के जन्मदिन पर फल एवं केक लेकर बृृहस्पतिवार को उसकी मां, पत्नी, बहन और भाई लगभग 40 समर्थकों के साथ जेल में पहुंच गए।
सूत्रों के मुताबिक तलाशी के बावजूद सभी को केक एवं फलों के साथ जेल में जाने दिया गया। जन्मदिन मनाए जाने की सूचना पर कुछ मीडिया कर्मी वहां पहले से ही मौजूद थे।
जैसे ही केक और फल समेत कमल वालिया के समर्थक अंदर पहुंचे तभी मीडिया कर्मियों ने अधिकारियों से इस बाबत पूछताछ शुरू कर दी। मामला सार्वजनिक होते ही जेल प्रशासन ने अपनी फजीहत होते देख तुरंत ही समर्थकों को आगे जाने से रोक दिया और केक समेत सभी को मिलने से रोक दिया और बाहर भेज दिया।
सिर्फ कमल वालिया के परिजनों को ही उससे मिलने दिया गया। जेल से बाहर आकर समर्थकों ने नारेबाजी की और जेल के बाहर ही परिजनों के साथ मिलकर केक काटा और आपस में बांटकर जन्मदिन की बधाई दी।