अमर उजाला ब्यूरो
जींद। शहर के विद्यापीठ मार्ग पर प्रापर्टी डीलर की गोली मारकर हत्या करने के एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर रही है। गांव रामराये निवासी रणबीर ने 16 मई को शहर थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके चचेरे भाई जोगेंद्र ने एसडी स्कूल की दुकानों में प्रापर्टी डीलर की दुकान बनाई है। जोगेंद्र का सफीदों गेट निवासी संदीप जोगी से पैसे लेने थे। जब उससे पैसे मांगे जाते तो वह जान से मारने की धमकी देता। सोमवार शाम को जोगेंद्र अपने साथियों के साथ एसडी स्कूल के छोटे के गेट के पास बात कर रहे थे। इसी दौरान संदीप जोगी अपने छोटे भाई अमित जोगी, गांव पेंगा निवासी काला व दो अन्य युवक गाड़ी में सवार होकर आए। चार युवक हाथों में हथियार लेकर जोगेंद्र के पास आ गए, जबकि एक युवक गाड़ी को स्टार्ट रखा। इस दौरान आते ही आरोपियों ने असलाह से जोगेंद्र पर दो फायर कर दिए। इसमें एक गोली जोगेंद्र की छाती में लगी, जबकि दूसरी गोली उसके कंधे में लगी। इस दौरान आरोपियों ने उनको भी गोली मारने की धमकी दी। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर सफीदों गेट निवासी संदीप जोगी, अमित जोगी, गांव पेंगा निवासी काला व दो अन्य के खिलाफ हत्या व शस्त्र अधिनियम के तहत केस दर्ज किया था। पुलिस जांच के दौरान अर्बन एस्टेट निवासी नवीन उर्फ काला का नाम सामने आया। पुलिस ने आरोपी नवीन उर्फ काला को गिरफ्तार करके पूछताछ शुरू कर दी।
प्रापर्टी डीलर की हत्या के आरोप में एक गिरफ्तार