सहारनपुर के छुटमलपुर के फतेहपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार की सुबह क्राइम ब्रांच और थाना पुलिस की बदमाशों के साथ हुई मुठभेड़ में दस हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि एक बदमाश फरार हो गया।
मुठभेड़ के दौरान बदमाश के पैर में गोली लगी है। वहीं एक सिपाही भी घायल हो गया। घायल सिपाही और बदमाश को सहारनपुर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मौके से पुलिस ने एक तमंचा, कारतूस और बिना नंबर की नई स्कूटी बरामद की है। पुलिस बदमाश के फरार साथी की तलाश कर रही है।
फतेहपुर एसओ भानू प्रताप सिंह ने बताया कि सुबह साढ़े दस बजे पुलिस को सूचना मिली की हापुड़ के गांव असोड़ा हाल निवासी बामनवाला थाना पटेलनगर देहरादून का रहने वाला 10 हजार का इनामी कासिफ अपने एक साथी के साथ स्कूटी से सहारनपुर की तरफ जा रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस ने पहले उसे बिहारीगढ़ में घेरने की कोशिश की, लेकिन वह वहां पुलिस को चकमा देकर बच निकला। इसके बाद पुलिस ने पीछा किया तो वह फतेहपुर थाने के गांव भटपुरा से कलसिया रोड पर निकलने वाले रास्ते की तरफ मुड़ गया।
इस पर क्राइम ब्रांच प्रभारी संजय पांडेय की टीम के साथ पुलिस ने उसका पीछा किया तो गांव गेल्हेवाला के पास उनकी स्कूटी स्लिप हो गई। इस पर बदमाशों ने पुलिस पर फायर करते हुए भागने का प्रयास किया। जवाब में पुलिस ने भी फायरिंग की।
दो गोली बदमाश कासिफ को लगी, जिससे वह वहीं गिर पड़ा। बदमाशों की तरफ से चलाई गई एक गोली फतेहपुर थाने के सिपाही पंकज सिंह को लगी। जिसमें वह घायल हो गया। इस मुठभेड़ के दौरान कासिफ का साथी बदमाश फरार होने में सफल रहा।
पुलिस ने मौके से एक तमंचा 315 बोर, एक कारतूस और एक खाली कारतूस के साथ ही नई बिना नंबर की स्कूटी बरामद की। पुलिस ने घायल सिपाही और बदमाश को 108 एंबुलेंस के माध्यम से जिला अस्पताल भेज दिया। सूचना के बाद सीओ बेहट इंदु सिद्धार्थ और फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल की।