सहारनपुर के रामपुर मनिहारान में शादी से भात देकर अपने गांव लौट रहे ग्रामीणों के थ्री व्हीलर को बाइक सवार आधा दर्जन युवकों ने रोक कर जमकर पिटाई करते हुए महिलाओं के कुंडल, चेन, अंगूठी व करीब दस हजार की नकदी लूट ली।
मारपीट में तीन महिलाओं सहित आठ लोग घायल हो गए। उन्हें सीएचसी में भरती कराया गया। घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर फरार हो गए। गांव नयागांव में सुंदरपाल की लड़की की शादी में आए रिश्तेदार बुधवार सुबह भात देकर थ्री व्हीलर द्वारा गांव दैदनोर लौट रहे थे।
जैसे ही वह गांव सहजवा के पास पहुंचे तो पीछे से बाइक पर सवार होकर आए तीन युवकों ने थ्री व्हीलर को रुकवा लिया। उसमें सवार महिलाओं और बच्चों के साथ मारपीट शुरू कर दी।
विरोध करने पर युवकों ने फोन करके अपने तीन चार अन्य साथियों को भी बुला लिया। इसके बाद हमलावर उनके कुंडल, चेन, अंगूठी व 10 हजार की नकदी लूट कर फरार हो गए। मारपीट में तीन महिलाओं सहित आठ लोग घायल हो गए।
घायल थाने पहुंचे और उन्होंने पुलिस को आपबीती सुनाई। पुलिस ने मारपीट में घायल हुए सत्यपाल, तेलूराम, संतलेश, बिरमबती, ओमवती, बाबू, अंकित, आजाद को चिकित्सीय परीक्षण के लिए सीएचसी भेज दिया।
गांव दैदनोर निवासी तेजपाल ने थाने में गांव सहजवा निवासी आधा दर्जन युवकों के खिलाफ नामजद तहरीर दे कर कार्रवाई की मांग की है। उधर, एसओ ने बताया कि तहरीर मिली है। मामला साइड आदि लेने को लेकर हुए विवाद का है। जांच की जा रही है।