छुटमलपुर। दो दिन पहले दवा कारोबारी की कार से नोटों से भरा बैग उड़ाने के बाद सोमवार को चोरों ने पेट्रोल पंप मालिक के कार के शीशे तोड़ कर बैग पार कर दिया। हालांकि बैग में नगदी या अन्य कीमती सामान न मिलने पर चोर बैग को एक कालोनी की गली में फेंक कर फरार हो गए। सूचना पर पुलिस ने भी कसबे के गली मुहल्लों में चोरों की तलाश की, लेकिन उनका सुराग नहीं लग सका।
सुंदरपुर स्थित एचपी के पेट्रोल पंप के मालिक राकेश कांबोज सोमवार की दुपहर बाद छुटमलपुर में रुड़की रोड पर अपनी कार खड़ी करके कुछ काम से गए थे। कुछ देर बाद वे कार के पास पहुंचे तो देखा की कार का शीशा टूटा हुआ है और उसमें सीट पर रखा बैग गायब है। उन्होंने तुरंत थाना पुलिस को इसकी सूचना दी। आनन फानन में थानाध्यक्ष ने कसबे में मौजूद पुलिसकर्मियों को चोरों की तलाश में दौड़ाया और खुद भी थाने से फोर्स लेकर गली मोहल्लों में तलाश की। इस पर पुलिस को बाल विद्या मंदिर वाली गली में लावारिस हालत में चोरी गया बैग पड़ा मिल गया। उसमें रखे कागजात सुरक्षित थे। माना जा रहा है कि बैग में नगदी या अन्य कीमती सामान न होने के कारण चोर उसे फेंक कर भाग खड़े हुए। बता दें कि दो दिन पूर्व शनिवार की देर शाम सहारनपुर के दवा कारोबारी की कार में रसायन स्प्रे करके उन्हें नीचे उतरने को मजबूर करने के बाद टप्पेबाज उनकी कार में रखा नोटों से भरा बैग पार कर ले गए थे। बैग में अस्सी हजार रुपये थे। उधर, एसओ एमपी सिंह ने बताया कि पीड़ित ने सूचना दी थी जिस पर चोरों की तलाश में अभियान चलाया गया तो वे बैग को फेंक कर फरार हो गए। तहरीर नहीं दी गई है। यदि तहरीर आती तो रिपोर्ट दर्ज की जाती।