छात्राओं पर अश्लील फब्तियां कसने करने पर फायरिंग
देवबंद। ट्यूशन से घर लौट रहीं छात्राओं पर अश्लील फब्तियां कसने का विरोध करने पर सात युवकों ने एक व्यक्ति के घर पहुंचकर फायरिंग कर दी। इसमें वह बाल बाल बच गया। उसने फोन कर डायल-100 पुलिस को सूचना दी। पीड़ित ने ग्रामीणों के साथ कोतवाली पहुंचकर तहरीर दी।
महमूदपुर गांव निवासी सोनू बुधवार को ग्रामीणों के साथ कोतवाली पहुंचा और पुलिस को तहरीर देकर बताया कि गांव के दो युवक अपने साथियों के साथ मिलकर सुबह के समय स्कूल कालेज जाने वाले छात्राओं के साथ छेड़छाड़ करते हैं। लोगों ने उन्हें कई बार समझाया भी। लेकिन वे हरकतों से बाज नहीं आए। आरोप है कि मंगलवार शाम गांव की छात्राएं ट्यूशन पढ़कर घर लौट रहीं थी। तभी रास्ते में पहले से साथियों के साथ खड़े युवकों ने अश्लील फब्तियां कसनी शुरू कर दीं। उस समय वह भी वहीं मौजूद था। जब उसने विरोध किया तो वह धमकी देकर चले गए। सोनू के मुताबिक बुधवार सुबह 10.15 बजे ये युवक अपने पांच साथियों के साथ उसके घर पहुंचे और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए अभद्रता करने लगे। जब वह बाहर निकला तो इन लोगों ने तमंचे से उस पर फायर कर दिया। इसमें वह बाल बाल बच गया। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग वहां पहुंचे तो आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। उन्होंने पुलिस से आरोपी युवकों के खिलाफ कार्रवाई करने की गुहार लगाई है। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिल गई है। मामले की जांच कराई जा रही है।