चोर गिरोह का भंडाफोड़, तीन गिरफ्तार
सहारनपुर। दो सप्ताह पूर्व कुतुबशेर थाना क्षेत्र स्थित मोबाइल की दुकान में नकबजनी कर हुई चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने चोरी के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार कर उनके पास से 46 मोबाइल बरामद किए हैं। पुलिस ने आरोपियों के पास से तीन तमंचे भी बरामद किए हैं।
कुतबशेर थाना क्षेत्र स्थित चौधरी कम्युनिकेशन मोबाइल शॉप में 2 मार्च की रात में चोरों ने नकब लगाकर लाखों रुपये के कीमती मोबाइल, नगदी एवं अन्य सामान चोरी कर लिया था। पुलिस चोरों की तलाश में लगी हुई थी।
नगर पुलिस अधीक्षक प्रबल प्रताप सिंह ने ने बताया कि मंडी कोतवाली प्रभारी मुनेंद्र कुमार एवं अभिसूचना विंग प्रभारी जर्रार हुसैन के नेतृत्व में टीम चोरों के गिरोह को पकड़ने का प्रयास कर रही थी। शुक्रवार की शाम को पुलिस को सूचना मिली कि कुछ संदिग्ध लोग मंडी समिति क्षेत्र में घूम रहे हैं। सूचना मिलते ही मंडी कोतवाली पुलिस एवं अभिसूचना विंग प्रभारी जर्रार हुसैन की टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर तीन लोगों को दबोच लिया। पूछताछ की गई तो कुतुबशेर क्षेत्र में मोबाइल शॉप में हुई चोरी का खुलासा हो गया। आरोपी चोर गिरोह के सदस्य बताए गए। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम अजीम निवासी चांद कॉलोनी गली नंबर 25, मंडी कोतवाली, अहसान निवासी एकता कालोनी, झंडे वाली गली नंबर 5, थाना कुतुबशेर तथा शाहजेब उर्फ मुन्ना निवासी हाकम शाह मेन मच्छरों वाली गली थाना कुतुबशेर बताया। पुलिस ने गिरफ्तार किए गए आरोपियों की निशानदेही पर उनके पास से चौधरी कम्युनिकेशन से चोरी किए गए 46 मोबाइल फोन बरामद किए। इसके अलावा आरोपियों से तीन तमंचे एवं कारतूस भी बरामद हुए।