साढ़ौली कदीम (सहारनपुर)। कोतवाली बेहट के गांव नुनयारी में शुक्रवार रात चोरों ने शिवमंदिर से बैट्रा, इंवर्टर व दान पात्र चुरा लिया। चोरी की तहरीर पुजारी एवं ग्रामीणों द्वारा कोतवाली पुलिस को दी गई है।
यमुना के तटवर्ती गांव नुनयारी के छोर पर शिव मंदिर स्थापित है। शुक्रवार को प्रतिदिन की भांति पुजारी महंत मेघपाल शाम आठ बजे पूजापाठ संपन्न कर मंदिर का दरवाजा लॉक कर गांव में आ गया। शनिवार की सुबह चार बजे जब वह पूजा करने मंदिर पहुंचा तो दरवाजों के ताले टूटे मिले तथा मंदिर से इंवर्टर, बैट्रा व दान पात्र चोरी हो चुका था। पुजारी ने इसकी सूचना ग्रामीणों को दी। ग्रामीणों ने कोतवाली में तहरीर देते हुए कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि दो वर्षों में मंदिर परिसर में यह तीसरी बार चोरी हुई है। पुलिस आज तक एक भी चोरी का पुलिस खुलासा नहीं कर पायी है। दो दिन पूर्व ही गांव शेखपुरा निवासी राकेश प्रजापति की पशुशाला से दो गाय चोरी हो गई थी। ग्रामीणों ने पुलिस गश्त की मांग की है।