सहारनपुर। मंडी कोतवाली क्षेत्र में एक व्यक्ति ने अपनी बेटी के पति पर उसकी बेटी का दहेज के लिए उत्पीड़न करने एवं तीन तलाक बोल कर उसकी पांच माह की बच्ची समेत घर से निकालने का आरोप लगाया है।
मंडी कोतवाली क्षेत्र के सराय शाहजी निवासी सलीम ने आरोप लगाया है कि उसकी बेटी अलका आमना की शादी 10 अक्टूबर 2016 को शेखपुरा कदीम निवास बहार आलम से हुई थी। सलीम का आरोप है कि ससुरालियों ने शादी के बाद से ही दहेज के लिए उसकी बेटी का उत्पीड़न करना शुरू कर दिया। उसके साथ आए दिन मारपीट की जाने लगी। बुधवार को उसके दामाद बहार आलम ने अपनी दो बहनों के साथ मिलकर देर शाम उसकी आमना की डंडों से पिटाई की और गंभीर रूप से घायल कर दिया। उसके बाद बहार आलम ने अलका आमना को तीन तलाक बोल पांच महीने की बच्ची समेत घर से निकाल दिया। घायल हालत में ही छोटी बच्ची को लेकर मायके पहुंची। बृहस्पतिवार को सलीम ने एसपी देहात को ज्ञापन देकर कार्रवाई की मांग की। एसपी देहात ने थाना मंडी पुलिस को आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई किए जाने के निर्देश दिए हैं।