कहासुनी पर बाराती भिड़े, पथराव
सहारनपुर। गांव सिंभालकी में कहासुनी होने पर बाराती भिड़ गए। दोनों पक्षों में मारपीट होने के साथ पथराव हुआ। थाना जनकपुरी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली है। पथराव में दो लोग घायल हुए है।
थाना जनकपुरी क्षेत्र के गांव सिंभालकी में रविवार को एक व्यक्ति की पुत्री की शादी का समारोह चल रहा था। चिलकाना क्षेत्र के गांव अब्दुल्लापुरहाड़ी से बारात आई थी। बताया जाता है कि बारात जब गांव सिंभालकी में पहुंची तो बारातियों के दो पक्षों में किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते दोनों पक्षों में मारपीट होने के साथ पथराव हो गया। इससे गांव में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर थाना जनकपुरी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली। पथराव में घायल हुए दो लोगों का जिला अस्पताल में उपचार कराया गया। इंस्पेक्टर शैलेंद्र शर्मा ने बताया कि अभी किसी पक्ष की तरफ से तहरीर नहीं आई है। तहरीर आने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।