नागल (सहारनपुर)। ग्राम सरसीना में दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुरालियों ने विवाहिता और उसके मायके वालों को मारपीट कर बंधक बना लिया। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने उन्हें छुड़ाया। पीड़िता ने तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
विवाहिता पूजा पुत्री विनोद निवासी गांव हुसैनपुर थाना ननौता ने नागल थाने में तहरीर देकर बताया कि करीब चार वर्ष पूर्व उसकी शादी क्षेत्र के गांव सरसीना निवासी युवक के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही उसके ससुराल वाले कार और एक लाख रुपये दहेज की मांग को लेकर आए दिन उसके साथ मारपीट करते रहते हैं। रविवार शाम उसके पति व ससुरालियों ने उससे मारपीट शुरू कर दी। पूजा का कहना है कि उसने अपने मायके वालों को सूचना देकर बुलाया तो उसके ससुराल वालों ने उनके साथ भी मारपीट कर एक कमरे में बंद कर दिया। किसी तरह उन्होंने मोबाइल से डायल 100 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें बंधन मुक्त कराया। विवाहिता ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। उधर, थानाध्यक्ष का कहना है कि तहरीर मिली है। मामले की जांच की जा रही है।