नकाबपोश बदमाशों ने ढाबे पर हजारों की नगदी लूटी
नागल (सहारनपुर)। शुक्रवार रात नागल-गागलहेडी मार्ग पर तीन नकाबपोश हथियारबंद बदमाशों ने एक होटल पर धावा बोलकर वहां से हजारों रुपये की नगदी लूट ली और शोर मचाने पर गोली मारने की धमकी देकर फरार हो गए। इससे पहले बदमाशों ने पास के एक अन्य होटल पर भी एक चालक से लूट की कोशिश की। लेकिन सफल नहीं हुए। सूचना के बाद पुलिस ने आसपास बदमाशों की तलाश में कांबिंग भी की। लेकिन कोई सुराग नहीं लग सका।
गांव उमाही निवासी मंजूर का भलस्वा मोड के पास बाबा पोता के नाम से ढाबा है। पीड़ित के अनुसार शुक्रवार रात करीब एक बजे सामने के खेतों से तीन नकाबपोश बदमाश आए। उन्होंने तमंचे की नोंक पर उससे आठ हजार रुपये, एलईडी और खाना खा रहे एक ट्रक चालक से चार हजार रुपये लूट लिए। इसके बाद शोर मचाने पर बदमाश गोली मारकर धमकी देकर फरार हो गए। जिधर से आए थे, उसकी तरफ के खेतों के रास्ते फरार हो गए। इसके बाद पीड़ित ढाबा संचालक ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने बदमाशों की तलाश में आसपास कांबिंग की। लेकिन कोई सुराग नहीं लग सका। इससे पूर्व पास में ही स्थित विजय शर्मा निवासी बलियाखेड़ी के ढाबे पर भी एक ट्रक चालक से बदमाशों ने लूट की कोशिश की। लेकिन शोर मचाने पर और ग्राहक ज्यादा होने के कारण बदमाश वहां से भाग गए। उधर थानाध्यक्ष ने बताया कि तहरीर मिली है। जांच की जा रही है।