पहले दुष्कर्म, फिर ब्लैकमेल, अब निकाह के लिए मांगा दहेज
सहारनपुर। मंडी कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ले की एक युवती ने अपने घर आने-जाने वाले शामली के एक युवक पर दुष्कर्म करने, उसकी वीडियो क्लिप बनाकर ब्लैकमेल करने और बाद में निकाह के लिए तैयार होने पर दहेज की मांग किए जाने का आरोप लगाया है।
पीड़ित युवती का आरोप है कि शामली के एक युवक का उसके घर पर काफी समय से आना जाना था। एक दिन घर में अकेली देख आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया और उसकी वीडियो क्लिप भी बना ली। उसके बाद उसे ब्लैकमेल करता रहा। जब उसके खिलाफ थाने में तहरीर दी तो आरोपी और उसके परिजनों ने दोनों की शादी की हामी भर ली। इसमें लिखित समझौता भी कर लिया। अब आरोपी और उसके परिवार के लोग शादी करने के बदले दो लाख दहेज में देने की मांग करने लगे हैं। धमकी दी जा रही है कि रुपया नहीं देने पर उसकी वीडियो क्लिप को सार्वजनिक कर दिया जाएगा। इस मामले में पीड़िता ने आरोपी, उसके पिता, मां और भाई के खिलाफ मंडी में कोतवाली में एफआईआर दर्ज कराई है।