सरसावा (सहारनपुर)। दहेज में कार न दिए जाने पर गर्भवती की हत्या किए जाने के आरोपी पति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। जबकि अन्य नामजद ससुराली फरार हैं। पुलिस के अनुसार महिला की मारपीट के बाद गला दबाकर हत्या की गई थी।
रामपुर मनिहारान के ग्राम नाईनगला निवासी अहतेशाम ने थाना में तहरीर देते हुए बताया कि उसने अपनी बेटी नाजिश का विवाह ग्राम इब्राहिमपुरा के जुनैद पुत्र हाजी इस्लाम के साथ वर्ष 2014 में किया था। जिसमें उसने अपनी हैसियत से बढ़कर दान दहेज दिया था, लेकिन बेटी के ससुराल वाले लगातार दहेज के लिए परेशान करते रहते थे। काफी दिनों से उसकी बेटी को स्विफ्ट डिजायर कार लाने के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था, जबकि उसी बेटी आठ माह की गर्भवती होने के कारण परेशानी की हालत में थी। 14 अक्तूबर को उन्हें सूचना मिली कि उनकी बेटी की मौत हो गई है, जिस पर वे इब्राहिमपुरा पहुंचे तो उसके ससुराल वालों ने बताया कि नाजिश ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है, लेकिन उन्होंने पुलिस को सूचना दे दी। जिसके बाद मृतका के शव का पीएम कराया गया। मृतका के पिता ने बताया कि उन पर लगातार फैसला करने का दबाव बनाया जा रहा था, लेकिन वे इंसाफ चाहते हैं। मृतका के पिता की तहरीर पर पुलिस ने पति जुनैद, ससुर मोहम्मद इस्लाम, सास इसराना, देवर कुमेश के खिलाफ दहेज हत्या की एफआईआर दर्ज की गई। पुलिस ने शुक्रवार को दहेज हत्या के आरोपी पति जुनैद को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
-----------------
-- गला दबाकर की गई हत्या
इस संबंध में पुलिस अधीक्षक देहात विद्यासागर मिश्र का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में महिला की गला दबाकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पति को गिरफ्तार कर लिया गया है।