दो पक्षों में खूनी संघर्ष, कई घायल
सहारनपुर। नगर कोतवाली के मोहल्ला लोहानी सरसय में पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों में जमकर संघर्ष हुआ। जिसमें दोनों ओर से धारदार हथियार चले। संघर्ष में आधा दर्जन लोग घायल हो गए। जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मंगलवार को मोहल्ला लोहानी सराय में बच्चों के आपसी विवाद को लेकर दोपहर में शहंशाह और मुख्तार पक्ष के लोगों में झगड़ा हो गया था। इस मामले में मुख्तार पक्ष की ओर से थाना में तहरीर दी गई थी।
लेकिन शाम को इस झगड़े के फैसला कराने के लिए लोगों की आपस में पंचायत बुलाई गई। पंचायत में सुलह समझौते के दौरान ही अचानक किसी बात को लेकर एक पक्ष भड़क उठा और फिर देखते ही देखते संघर्ष शुरू हो गया। दोनों ओर से लाठी, डंडे और धारदार हथियार चलने लगे। जिसमें आधा दर्जन लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही झगड़ा कर रहे लोग फरार हो गए। पुलिस ने संघर्ष में घायल हुए लोगों खुशनुदा, मुख्तार, तारिक और उसका छोटा भाई को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। बताया जा रहा है कि दूसरे पक्ष के घायलों को किसी निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
पुलिस क्षेत्राधिकारी इंदु सिद्धार्थ का कहना है कि मामला बच्चों के आपसी विवाद को लेकर हुआ है। कुछ लोगों काके हल्की चोटें आईं हैं। इस मामले में मुकदमा दर्ज कराया जा रहा है।