तोड़फोड़ एवं अभद्रता करने का आरोप लगाया
सहारनपुर। नगलाखारी के लोगों ने गांव के ही दो लोगों पर कच्ची शराब का कारोबार करने, लोगों के साथ अभद्रता करने, स्कूल में तोड़फोड़ करने एवं शिक्षिका के साथ दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाया है। उनका आरोप है कि गांव के ही दो लोग कई साल से कच्ची शराब बनाने का धंधा कर रहे हैं। लोगों की शिकायत पर आरोपी कई बार जेल भी जा चुके हैं। बार-बार समझाने पर भी आरोपी मानने को तैयार नहीं है। रविवार को एक आरोपी ने नशे में लोगों के साथ अभद्रता की और प्राथमिक पाठशाला की एक अध्यापिका पर भी ईंटों से हमला कर दिया और स्कूल में तोड़फोड़ की। अध्यापिका के साथ दुर्व्यवहार किया। पुलिस को सूचना दी गई। लेकिन पुलिस के आने से पहले ही आरोपी फरार हो गया। आरोप है पुलिस के जाने के बाद दोनों आरोपी गांव में खुलेआम घूमते रहे और लोगों के साथ अभद्रता करते रहे। आए दिन इस प्रकार की आरोपी हरकतें कर रहे हैं। इससे गांव में किसी भी समय अप्रिय घटना घटित हो सकती है।
इस मामले में लोगों ने एसएसपी को ज्ञापन देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग की है। ज्ञापन देने वालों में विशंभर सिंह, संदीप कुमार, वेद प्रकाश, राकेश विश्वकर्मा, अमित, वसीम, विजयपाल, किरणपाल, अमन कुमार, बिरम सिंह, राजेंद्र कुमार, सोनू कुमार, नवीन, अक्षय कुमार, नवीन कुमार, दीपक कुमार, भीम, कर्मसिंह, बीर सिंह, नाथीराम, चमन लाल, अंकित, सेठपाल, जसवीर सिंह, हरवेंद्र, पूनम शामिल रहे।