सहारनपुर। रेलवे स्टेशन से ई-रिक्शा में अपने घर लौट रहे दंपति से सरे बाजार बाइक सवार युवक महिला के हाथ से पर्स छीनकर भाग गया। लोगों ने शोर मचाते हुए आरोपी का पीछा भी किया। लेकिन आरोपी हाथ नहीं आ सका। पर्स में हजारों रुपये की नगदी, आभूषण एवं मोबाइल रखा हुआ था।
मोहल्ला राघवपुरम निवासी गिरधारी अपनी पत्नी पूजा के साथ बृहस्पतिवार की रात को रेलवे स्टेशन से ई-रिक्शा में बैठकर अपने घर जा रहा था। गिरधारी के अनुसार जब वह ई-रिक्शा से जोगियान पुल के निकट पहुंचे, तभी बाइक सवार एक युवक ई-रिक्शा के पास आया। आरोपी युवक ने अचानक उसकी पत्नी पूजा के हाथ से उसका पर्स छीन लिया और फरार हो गया। उसके पर्स छीनते ही उसने शोर मचा दिया और आरोपी का पीछा करने का प्रयास किया। लेकिन आरोपी अंधेरी गलियों में होता हुआ फरार हो गया। गिरधारी ने बताया कि उसकी पत्नी के पर्स में 30 हजार की नगदी, गले का सोने का सेट, कानों के दो रिंग, एक अंगूठी, दो जोड़ी पाजेब एवं मोबाइल रखा हुआ था। रात में ही दंपति नगर कोतवाली पहुंचा और पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने घटना स्थल के आसपास काफी तलाश किया, लेकिन आरोपी का कोई पता नहीं चल सका। इस मामले में पूजा ने एफआईआर दर्ज कराई है।