बेहट (सहारनपुर)। कॉलेज से चचेरे भाई के साथ बाइक पर घर लौट रही एक दलित छात्रा को तीन युवकों ने बाइक रुकवाकर बाग में खींचकर ले जाने का प्रयास किया। उसके चचेरे भाई ने उनका विरोध किया तो आरोपियों ने उसकी लात-घूसों से पिटाई की। शोर सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों को देखकर आरोपी भाग खड़े हुए। उन्होंने भागते हुए छात्रा को देख लेने की धमकी दी। मिर्जापुर थाना पुलिस ने पीड़ित छात्रा की तहरीर पर तीन आरोपियों के खिलाफ संगीन धाराओं में रिपोर्ट दर्ज करते हुए दो को गिरफ्तार कर उनका चालान कर दिया।
थाना मिर्जापुर क्षेत्र के एक गांव निवासी 16 वर्षीय छात्रा पब्लिक इंटर कॉलेज की छात्रा है। बृहस्पतिवार की दोपहर करीब एक बजे कॉलेज से छुट्टी होने के बाद जब छात्रा अपने चचेरे भाई के साथ बाइक पर कॉलेज से घर जा रही थी, तो रायेपुर गांव के पास तोहसीन पुत्र गोप्पी निवासी गांव खेड़ी, मुंतरीन पुत्र इरशाद निवासी गांव लोदीबांस एवं मोनू कश्यप निवासी गांव खेड़ी ने उनकी बाइक रुकवा ली। आरोप है, कि तीनों युवकों ने छात्रा को बाइक से जबरन नीचे उतार लिया और उसके बाग में खींचकर ले जाने लगे। उसके भाई ने विरोध किया तो आरोपी युवकों ने उसकी लात-घूंसों से पिटाई की और जातिसूचक शब्दों से अपमानित किया। शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंच गए, जिन्हें देखकर आरोपी युवक छात्रा को देख लेने की धमकी देते हुए फरार हो गए। मारपीट में पीड़ित छात्रा के भाई को गुम चोट लगनी बताई गई है। पुलिस ने पीड़ित छात्रा की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करते हुए तोहसीन एवं मुंतरीन को गिरफ्तार कर उनका चालान कर दिया।