अमर उजाला ब्यूरो
कन्नौज। सदर कोतवाली क्षेत्र में ईशन नदी में एक अज्ञात युवती (24) का शव पुलिस ने बरामद किया है। युवती के हाथ में वीगो लगी है। अंदेशा है कि युवती की हत्या कर शव को नदी में फेंका गया है। पुलिस ने आसपास मौजूद लोगों से युवती की शिनाख्त कराने का प्रयास किया लेकिन सफलता नहीं मिली। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
ईशन नदी में शुक्रवार की सुबह कुछ लोगों ने महचंदापुर गांव के सामने बने पुल के पिलर से फंसी एक युवती की लाश देखी। जानकारी होेते ही लोगों की भीड़ लग गई। कुछ लोगों ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। सीमा विवाद के चलते काफी देर तक पुिलस ने कोई कार्रवाई नहीं की, इसके बाद में एसपी हरीश चंदर के निर्देश पर सदर कोतवाली के उप निरीक्षक जंग बहादुर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पहले तो शव की शिनाख्त के प्रयास किए लेकिन जब सफलता नहीं मिली तो पुलिस ने शव कोे पोस्टमार्टम को भेज दिया। पुलिस के मुताबिक मृतका की उम्र लगभग 24 साल है। वह लाल सलवार व हरा कुर्ता पहने हुए है।
इस संबंध में अपर पुलिस अधीक्षक केशव चंद्र गोस्वामी ने बताया कि युवती के हाथ में वीगो लगी है। युवती के गले में निशान मिले हैं, इससे आशंका है कि उसकी हत्या गला दबाकर की गई है। युवती कौन है और उसका शव यहां कैसे आया, इस बारे में जांच की जा रही है। जिले के सभी थानों के साथ ही आसपास के जनपदों की पुलिस का भी शिनाख्त युवती की शिनाख्त के लिए लिया जा रहा है। मामले में महचंदापुर के ग्राम प्रधान सुदर्शन सिंह ने पुलिस में फौरी सूचना दर्ज कराई है।
पुलिस की जांच में उलझे कई सवाल
कन्नौज। अज्ञात युवती का शव पुलिस के लिए मुसीबत बन गया है। हाथ में वीगो लगी युवती का शव ईशन नदी तक कैसे आया। क्या किसी अस्पताल में युवती की मौत होने के बाद उसे फेंका गया है। अथवा अज्ञात हत्यारों ने हत्या की घटना को अंजाम देने के बाद शव को कहीं और से लाकर फेंका है। पुलिस के अनुसार युवती के गले में कुछ निशान है लेकिन यह निशान शव के पानी में बहने के कारण झाड़ियों आदि में फंसने से लग सकते है। पुलिस सभी बिंदुओं को आधार बना मामले की जांच में जुटी हुई है।
ईशन नदी में मिला युवती का शव, हत्या की आशंका
- युवती के हाथ में लगा मिला वीगो
- पुलिस शव की शिनाख्त में जुटी