रेलवे स्टेशन से बदमाश गिरफ्तार
सहारनपुर। राजकीय रेलवे पुलिस ने सहारनपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 6 से चोरी के आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर विभिन्न थाने में 26 मामले दर्ज बताए जा रहे हैं।
जीआरपी बुधवार को रेलवे स्टेशन पर चेकिंग कर रही थी। उसी समय जीआरपी को प्लेटफार्म नंबर 5 एवं 6 पर संदिग्ध व्यक्ति के घूमने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही जीआरपी कर्मी प्लेटफार्म नंबर 5 एवं 6 पर पहुंचे और चेकिंग शुरू कर दी। जीआरपी को देखकर आरोपी युवक भागने का प्रयास करने लगा। लेकिन जीआरपी कर्मियों ने आरोपी को दबोच लिया। जीआरपी थानाध्यक्ष अशोक कुमार सिसौदिया ने बताया कि पूछताछ में पकड़े गए आरोपी ने अपना नाम मुमत्याज उर्फ मोंटू निवासी इंद्रा चौक दानिश कालोनी बताया। इसके पास से दो बड़े मोबाइल और 2 हजार रुपये बरामद हुए। थानाध्यक्ष अशोक कुमार सिसौदिया ने बताया कि मुमत्याज कई मामलों में वांछित चल रहा था। इस पर अलग-अलग मामलों में 26 मुकदमे दर्ज हैं।