देवबंद (सहारनपुर)। दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर ससुरालियों ने विवाहिता को घर से निकाल दिया। इतना ही नहीं आरोप यह भी है कि ससुरालियों ने मायके में पहुंचकर विवाहिता के गले में रस्सी डालकर उसे जान से मारने की कोशिश की।
इबादुल्लापुर मजरा अंबहेटा शेखा गांव निवासी इश्तेयाक ने कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि उसने बेटी शहजादी की शादी मुजफ्फरनगर सिविल लाइन के सरवट में न्यूम के बेटे असजद के साथ की थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल वाले कम दहेज लाने को लेकर बेटी का शारीरिक व मानसिक उत्पीड़न करते रहते हैं। इस दौरान उसने एक बेटे को जन्म दिया। जिसके बाद उनकी बेटी पर मायके से एक लाख रुपये व आल्टो कार लेकर आने का दबाव बनाने लगे। बेटी से जानकारी मिलने पर गांव में पंचायत भी हुई। जिसमें उक्त लोग अपनी मांग पर अड़े रहे और धमकी दी अगर पैसे और कार लिए बिना शहजादी ससुराल आई तो वह उसे जान से मार देंगे। तभी से बेटी मायके में रह रही है। इश्तेयाक के मुताबिक बुधवार को उसे हार्टअटैक की परेशानी के चलते परिजनों ने अस्पताल में भर्ती किया हुआ था, जबकि बेटी घर पर अकेली थी। आरोप है कि इस दौरान उसके ससुराल वाले घर पहुंचे और उसके साथ गाली गलौज करने लगे। जब उसने इसका विरोध किया तो उक्त लोगों ने गले में रस्सी डालकर उसे जान से मारने की प्रयास किया। शहजादी के शोर मचाने पर आस पड़ोस के लोगों को मौके पर आता देख उक्त लोग फरार हो गए। पुलिस ने इश्तेयाक की तहरीर पर पति असजद ससुर न्यूम, सास आबिदा, देवर उस्मान व चाचा कय्यूम के खिलाफ विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
वीडियो वायरल होने के मामले में दो युवकों के खिलाफ केस दर्ज
देवबंद। पीएम व सीएम के प्रति अशोभनीय भाषा का इस्तेमाल करने तथा संसद को बम से उड़ाने की धमकी भरा वीडियो वायरल होने के मामले में पुलिस ने दो युवकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
बुधवार को धमकी भरा वीडियो वायरल होने के बाद हरकत में आई पुलिस जांच करते करते बचीटी गांव में पहुंचे गांव में पहुंची। जहां वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे दोनों युवकों की पहचान हो गई। कोतवाली के एसआई इंद्रजीत ने बचीटी गांव निवासी सोनू और सद्दाम के खिलाफ आईटी एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही दोनों युवकों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।