सहारनपुर। मोहल्ला बंजारान निवासी युवती ने अपने ससुरालियों पर मारपीट करने तथा पति पर तीन बार तलाक बोलने का आरोप लगाया है।
मोहल्ला बंजारान निवासी शगुफ्ता का आरोप है कि उसकी शादी आठ वर्ष पूर्व सरसावा के जगहैता नजीब गांव निवासी लईक अहमद के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद दहेज के लिए उसे प्रताड़ित किया जाने लगा। पांच मई 2018 को परेशान होकर उसके पिता के प्रार्थना पत्र पर पुलिस ने आरोपी के कब्जे से छुड़ाकर उसे उसके पिता के सुपुर्द कर दिया। तब से वह अपने पिता के घर रह रही थी। 18 मई की रात लगभग आठ बजे जब उसके पिता एवं मां घर से बाहर थे, उसी समय लईक अहमद अपने भाई एवं अन्य लोगों के साथ घर में घुस गए और रिवाल्वर निकालकर उसे धमकाते हुए जबरन ले जाने का प्रयास किया। जब उसने इंकार कर दिया तो उसके साथ अभद्रता और मारपीट की। उसके भाई एवं बहनों ने शोर मचाया तो लईक उसे तीन बार तलाक, तलाक, तलाक कहकर चला गया। धमकी दी कि उसके खिलाफ शिकायत की तो जान से मार दिया जाएगा।
इसकी शिकायत उसने थाना पर की। लेकिन संबंधित चौकी प्रभारी ने कार्रवाई करने के बजाय उसे ही धमकाना शुरू कर दिया। उसने एसएसपी को ज्ञापन देकर आरोपी ससुरालियों पर कार्रवाई करने एवं चौकी प्रभारी से जांच हटाकर कोतवाली प्रभारी को जांच दिए जाने की मांग की।