गोदाम के ताले तोड़कर साढे़ छह लाख की नगदी चोरी
छुटमलपुर (सहारनपुर)। कसबे में रुड़की रोड पर स्थित एक बुक डिपो स्वामी के गोदाम के ताले तोड़कर चोर छह लाख रुपये की नगदी, इनवर्टर और बैटरी चोरी कर ली गई। चोरी का पता सुबह तब चला जब पुस्तक विक्रेता गोदाम खोलने पहुंचा। सीओ और एसओ ने पहुंचकर जांच की।
फतेहपुर थाना क्षेत्र के गांव बट्टनवाला निवासी प्रदीप चौहान की छुटमलपुर में रुड़की रोड पर चौहान बुक डिपो के नाम से दुकान है। दुकान के पीछे ही उससे सटा उसका मकान है। इसे प्रदीप गोदाम के रुप में इस्तेमाल करता है। रात आठ बजे प्रदीप दुकान और मकान का ताला लगाकर गांव चला गया था। सुबह आठ बजे जब वह दुकान पर पहुंचा और शटर खोलकर अंदर गया तो मकान में जाने पर वहां के ताले टूटे पड़े थे। उसने अंदर जाकर देखा तो अलमारी में रखी साढे़ छह लाख रुपये की नगदी और इनवर्टर और बैटरी चोरी हो चुके थे। सूचना पर एसओ भानू प्रताप फोर्स के साथ पहुंचे। सीओ सदर बीपी सिंह ने भी घटना की जानकारी ली।
पुस्तक विक्रेता ने बताया कि उसे यह रकम प्रकाशकों को देनी थी। उधर, राष्ट्रीय राजमार्ग पर चोरी की वारदात से दुकानदारों में आक्रोश हैं। बता दें कि इससे पूर्व शिव कालोनी में सेवानिवृत्त अध्यापक शिव कुमार गुप्ता और पंजाबी कालोनी में विनय अरोड़ा के यहां लाखों रुपये की चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। एसओ भानू प्रताप ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।