मारपीट में प्रधान पति को जेल भेजा
बेहट। गांव के ही एक युवक के साथ गई युवती के मामले में समझौता होने से खफा ग्राम प्रधान पति समेत चार लोगों ने युवती के घरवालों के साथ मारपीट की। आरोप है कि धारदार हथियारों एवं लाठी-डंडों से हमला किया गया। इसमें युवती की बहन घायल हो गई। पुलिस ने युवती के चचेरे भाई की तहरीर पर आरोपी प्रधान पति समेत चार आरोपियों पर रिपोर्ट की। प्रधान पति को गिरफ्तार कर उसका चालान कर दिया गया।
बता दें कि कोतवाली क्षेत्र के गांव टोली से पिछले दिनों एक युवती अपने प्रेमी संग चली गई थी। बताया गया है कि इस मामले में दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया था। आरोप है कि रविवार की रात समझौता होने से खफा प्रधान पति आरिफ ने तीन लोगों को साथ लेकर युवती के घर में घुसकर उसके परिवार के लोगों के साथ मारपीट की। इसमें नरगिस और उसकी मां रिहना घायल हो गई। पीड़ित परिवार के कोतवाली पहुंचने पर पुलिस ने शहजाद की तहरीर पर आरोपी टोली के प्रधान पति आरिफ, जिशान, सूफियान एवं नौशाद के खिलाफ विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी प्रधानपति आरिफ को गिरफ्तार किया।