कबड्डी खेलने के दौरान युवकों के गुटों में मारपीट
देवबंद (सहारनपुर)। गांव सुनहेटी में कबड्डी खेलने के दौरान युवकों के दो गुटों में कहासुनी के बाद जमकर मारपीट हो गई। इसमें दो सगे भाई घायल हो गए। जिन्हें उपचार के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
गांव निवासी प्रमोद कुमार ने कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि मंगलवार को वह गांव के सोहित, शेखर, रवि, विजय, रजनीश और बिट्टू के साथ कबड्डी खेल रहे थे। इस दौरान उक्त युवक खेल को लेकर उनके साथ गाली गलौज जातिसूचक टिप्पणी करने लगे। जब उसने ऐसा करने से मना किया तो उन्होंने उसके साथ धक्कामुक्की शुरू कर दी। विरोध किया तो उन्होंने लाठी डंडों और तेज धारदार हथियारों से उस पर हमला कर दिया। इतना ही नहीं जब उसका भाई राहुल बीच बचाव करने लगा तो उन्होंने उस पर भी हमला कर दिया। इसमें दोनों लोग घायल हो गए। शोर सुनकर मौके पर लोगों को आता देख वह जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर सभी युवकों के खिलाफ एससी/एसटी समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस का कहना है कि हमलावरों को शीघ्र गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।