सहारनपुर। मंडी कोतवाली पुलिस ने 62 फुटा रोड से चेकिंग के दौरान फर्जी नंबर प्लेट लगी बोलेरो के साथ पांच हजार रुपये के इनामी शाहनवाज और उसके साथी इस्लाम को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि ये लोग डोडा की तस्करी करते है और इनके पास से दो किलो डोडा एवं एक चाकू बरामद किया है।
मंडी कोतवाली पुलिस ने बृहस्पतिवार की रात लगभग 10 बजे 62 फुटा रोड पर चेकिंग शुरू कर दी। मंडी समिति रोड पर एक बोलेरो आई तो पुलिस ने उसे रुकवाकर चेकिंग की। कार में ग्राम सलेमपुर भूखड़ी निवासी पांच हजार का इनामी शहनवाज अपने साथी ग्राम नया बांस निवासी इस्लाम के साथ बैठा हुआ था। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। बदमाशों की बोलेरो पर यूपी 14 एजी-6767 की नंबर प्लेट लगी हुई थी, जो फर्जी पाई गई। पुलिस के अनुसार 30 जुलाई को थाना मिर्जापुर पर गैंगेस्टर का मामला पंजीकृत हुआ था। जिसमें शहनवाज भी शामिल था। शाहनवाज की फरारी पर पुलिस ने उस पर पांच हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था।
पुलिस पूछताछ में शाहनवाज ने बताया कि वह थाना मिर्जापुर से ट्रक लूट की घटना में जेल जा चुका है।
पांच लोग गिरफ्तार
सहारनपुर। मंडी कोतवाली पुलिस द्वारा गणपत सराय के पास से कमल उर्फ बिलाल निवासी मोहल्ला मुतरीबान निकट काजरी स्ट्रीट तथा शहनवाज निवासी चौक बाजदारान को सट्टे के आरोप में गिरफ्तार किया है। जबकि पुरानी अनाज मंडी के पास से नईम उर्फ काला निवासी चांद कालोनी, 62 फुटा रोड गली नं. 6 को सट्टे के आरोप में पकड़ा है।
सदर बाजार कोतवाली पुलिस ने नवादा रोड से राम बिहारी पाठक निवासी लालता प्रसाद की मंडी खलासी लाइन को 120 ग्राम चरस व 262 ग्राम भांग के अंटे के साथ गिरफ्तार किया गया। जबकि जैन कालेज तिराहे के पास से नूर मोहम्मद निवासी साढ़ोली हरिया थाना रामपुर को चाकू रखने के आरोप में गिरफ्तार किया है।