गंगोह/तीतरो (सहारनपुर)। गांव मोहम्म्दपुर गुर्जर में चोरों ने ग्राम प्रधान सहित तीन किसानों के खेतों में नलकूपों पर लगे ट्रांसफार्मरों को जमीन पर गिरा कर उनका तेल सहित कीमती सामान चोरी कर लिया। चोर पिछले करीब डेढ़ माह में दो दर्जन से अधिक ट्रांसफार्मर चोरी कर चुके हैं। इसे लेकर किसानों में रोष व्याप्त है।
ग्राम प्रधान प्रतिनिधि चौधरी वीरसेन ने बताया कि मंगलवार रात चोरों ने उनके नलकूप पर लगे ट्रांसफार्मर के साथ ही नेत्रपाल पुत्र बाबूराम और महेंद्र पुत्र देशराज के ट्रांसफार्मर को नीचे गिराकर तेल सहित सभी कीमती सामान चुरा लिया। बताया कि करीब 15 दिन पूर्व भी चोरों ने गांव रादौर और फतेहचंदपुर में इसी प्रकार करीब आधा दर्जन किसानों के ट्रांसफार्मर चुरा लिए थे। उनके अनुसार पिछले डेढ़ माह में चोर 26 ट्रांसफार्मर चोरी कर चुके है। सभी पीड़ितों द्वारा कोतवाली में तहरीर दिए जाने के बावजूद पुलिस आज तक एक भी चोरी का खुलासा नहीं कर पाई है। पीड़ित किसानों ने बताया कि भयंकर गर्मी में बिना सिंचाई के उनकी फसलें सूख रही हैं। किसानों ने कार्रवाई की मांग की है। जेई प्रवीण कुमार का कहना है, कि ट्रांसफार्मर चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी।