सहारनपुर। संपत्ति विवाद में सगे भतीजों को जेल भिजवाए जाने एवं फर्जी रसीदें तैयार कर प्रॉपर्टी हड़पने के मामले में दो चाचाओं समेत पांच लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है।
संजीव कुमार की ओर से जनकपुरी थाना में दर्ज एफआईआर में आरोप लगाया है कि उसके पिता केवल किशोर टक्कर ने एक संपत्ति 7 अगस्त 1995 में खरीदी थी। जिसमें आत्माराम किराएदार के रूप में रह रहा था। आत्माराम ने उसके पिता केवल किशोर के हक को न्यायालय में चुनौती दी। मामला चलता रहा। उसके दो चाचा चंद्रशेखर और नवीन टक्कर उर्फ भुप्पा ने भी उस भूमि पर अपना हिस्सा जताया। जिसे कोर्ट ने खारिज कर दिया और 15 जुलाई 2016 को उसके पिता केवल किशोर टक्कर के हक में निर्णय दे दिया। लेकिन उसके दोनों चाचाओं ने पहले उसके भाई मनीष के दो बैंक अकाउंट का डाटा चोरी कर लिया और दूसरे पक्ष को दे दिए। उसके बाद उसके पिता के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज करा दिया। जांच में मामला गलत निकला।
उसके बाद दोनों चचा ने साजिश के तहत फर्जी रसीदें बनाकर फर्जी तरीके से नोटरी कराकर दो गवाह खैराती लाल, इकबाल तैयार कर, एसके पिता के नाम का फर्जी अंगूठा लगवाकर उसे और उसके भाई मनीष पर धोखाधड़ी का आरोप लगा दिया। रात में पुलिस ने दबिश देकर उसे और उसके भाई को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। जब उन्होंने इस मामले की जांच के लिए डीआईजी को आवेदन किया तो डीआईजी ने इसकी जांच शामली एडिशनल एसपी को दी। उनकी जांच में फर्जीवाड़ा का खुलासा हो गया। उन्होंने रिपोर्ट एसएसपी बबलू कुमार को दी। एसएसपी के आदेश पर संजीव ने जनकपुरी थाना में अपने चाचा नवीन टक्कर भूप्पा, चंद्रशेखर टक्कर, खैराती लाल, इकबाल तथासईद अहमद के खिलाफ मामला दर्ज कराया है।
चूना फैक्ट्री से प्रदूषण होने, सड़क टूटने की शिकायत
सहारनपुर। मोहल्ला प्रीत विहार कालोनी, जनता रोड के लोगों ने आरोप लगाया है कि मोहल्ले में एक चूनाफैक्ट्री चल रही है। जहां रोजाना कई ट्रक आते जाते रहते हैं। चूना फैक्ट्री से मोहल्ले में प्रदूषण हो रहा है और ट्रकों से सड़क भी पूरी तरह से खराब हो चुकी है। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो फैक्ट्री संचालकों ने उनके खिलाफ मारपीट का झूठा मुकदमा दर्ज करा दिया। उन्होंने एसएसपी से फैक्ट्री को हटवाए जाने की मांग की है। इससे मोहल्ले में अप्रिय घटना होने की आशंका जताई है। इस संबंध में लोगों ने एसएसपी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन देने वालों में धर्मेंद्र कुमार, विजय, निधि, कमलेश, रीना कुमारी, डीपी दुबे, सविता सिंह, सूरज जैन, रामप्रकाश सिंह, दीपमाला, साहब सिंह, विनय कुमार, रमेश चंद मौजूद रहे।